सर्वोदय मेला देखकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, दिव्यांग पिता का इकलौता सहारा छिना

अमनौर में अज्ञात पिकअप की टक्कर से हादसा, बेटे की मौत से मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल

अमनौर में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद शोकाकुल परिजन।

छपरा, 24 अक्टूबर। अमनौर-तरैया मुख्य पथ पर जान देवी मंदिर के समीप शनिवार की शाम अज्ञात पिकअप की टक्कर से 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक सर्वोदय मेला देखकर पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। युवक की मौत से सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में मातम पसरा हुआ है।

मृतक की पहचान नारायणपुर गांव निवासी सरोज राम के 24 वर्षीय पुत्र भोला राम के रूप में हुई है। घटना के बाद सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े युवक को स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अमनौर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

छह भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था भोला

परिजनों के अनुसार, भोला छह भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। वह एचआर कॉलेज में निजी कर्मी के रूप में काम करता था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में सहयोग करता था। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। उसके पिता दिव्यांग हैं और परिवार को बेटे से काफी उम्मीदें थीं।

भोला की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटे का शव देखते ही पिता बार-बार बेसुध हो जा रहे थे, जबकि मां राजमती देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों का विलाप सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

पिता से 20 रुपये लेकर गया था मेला देखने

परिजनों ने बताया कि भोला सर्वोदय मेला देखने जाने के लिए अपने पिता से 20 रुपये लेकर घर से निकला था। पिता ने जब उससे बार-बार मेला जाने को लेकर सवाल किया, तो भोला ने कहा था कि मेला एक-दो दिन का ही है। इसके बाद वह घर से निकल गया।

किसी को अंदाजा नहीं था कि मेला देखने निकला भोला कभी वापस नहीं लौटेगा। जिस बेटे के घर लौटने का इंतजार था, उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।

परिवार के सामने अब आर्थिक संकट

भोला की मौत से परिवार ने अपना सहारा खो दिया है। पहले से ही कमजोर आर्थिक स्थिति और पिता के दिव्यांग होने के कारण परिवार के सामने अब रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की चिंता भी खड़ी हो गई है। नारायणपुर गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस हादसे से दुखी है।

यह भी पढ़ें: छपरा में 3 नवंबर को रोजगार मेला, 10वीं पास से बीटेक तक के युवाओं को मिलेगा अवसर

परिजनों के लिए यह हादसा केवल एक बेटे को खोने का दुख नहीं, बल्कि परिवार के भविष्य को लेकर गहरी चिंता भी छोड़ गया है।