खाकी पर उठे सवाल: बाढ़ राहत बांट रहे थानाध्यक्ष ने कतार में खड़े लोगों पर तानी पिस्तौल, वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई

मकेर थानाध्यक्ष द्वारा बाढ़ राहत वितरण के दौरान पिकअप पर खड़े होकर ग्रामीणों की ओर पिस्तौल ताने जाने की वायरल तस्वीर।

छपरा: बिहार के सारण जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बाढ़ की विभीषणता के बीच जब लोगों को राहत सामग्री की सबसे ज्यादा दरकार थी, तब कानून के रखवाले की पिस्तौल ही पीड़ितों के सामने निकल आई। मकेर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव में राहत वितरण के दौरान थानाध्यक्ष संग्राम सिंह का ग्रामीणों की तरफ पिस्तौल तानते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।  

​क्या है पूरा मामला?

​मिली जानकारी के अनुसार, पुरुषोत्तमपुर में प्रशासन की निगरानी में बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री बांटी जा रही थी। सामग्री लेने के लिए ग्रामीण कतार में खड़े थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर ग्रामीणों और थानाध्यक्ष के बीच विवाद शुरू हो गया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि थानाध्यक्ष पहले अपने चप्पल उतारते हैं और फिर गुस्से में कमर से पिस्तौल निकालकर सामने खड़े लोगों की तरफ तान देते हैं। इस घटना के बाद से बाढ़ राहत कार्यों में पुलिस के रवैये को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। 

​प्रशासन और एसएसपी का पक्ष

​इस पूरे घटनाक्रम पर वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रोशन कुमार ने सफाई देते हुए कहा है कि कुछ असामाजिक तत्व राहत कार्यों में जानबूझकर बाधा डालने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इससे पहले भी क्षेत्र में जेई को पानी में फेंकने और महिला सीओ के साथ मारपीट जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। एसएसपी के अनुसार, राहत वितरण में अनियमितता फैलाने वालों को रोकने के लिए कार्रवाई की गई थी और इसी दौरान के केवल एक आधे-अधूरी वीडियो को प्रसारित किया जा रहा है।  

​जांच के बाद खुलेगा सच

​फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद की असली शुरुआत किस बात से हुई थी और किस परिस्थिति में थानाध्यक्ष को हथियार निकालना पड़ा। वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के दावों के बीच, प्रशासन के लिए यह स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस मामले की उच्चस्तरीय जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि राहत वितरण के दौरान वास्तव में वहां क्या स्थिति बनी थी।  

यह भी पढ़ें: पानापुर में बांध टूटने पर ग्रामीणों का गुस्सा, JE को घेरा