सारण शिक्षक चुनाव: सारण जिले में 86.85% मतदान, पानापुर में 100 फीसदी वोटिंग
छपरा। बिहार विधान परिषद के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को सारण जिले के सभी 20 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। जिले में कुल 86.85 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ और शाम 4 बजे समाप्त हुआ।
जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 87.98 रहा, जबकि महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 82.68 दर्ज किया गया।
पानापुर में शत-प्रतिशत मतदान
सारण जिले में प्रखंडवार मतदान प्रतिशत की बात करें तो पानापुर में सर्वाधिक 100 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा बनियापुर में 96.86 प्रतिशत, तरैया में 96.67 प्रतिशत और लहलादपुर में 96.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
अमनौर में 94.70 प्रतिशत और परसा में 93.59 प्रतिशत मतदान हुआ। मकेर और सोनपुर में 92.42 प्रतिशत, जबकि मढ़ौरा में 92.16 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
नगरा में 91.59 प्रतिशत, दरियापुर में 89.95 प्रतिशत तथा दिघवारा और इसुआपुर में 88.41 प्रतिशत मतदान हुआ। मांझी में 87.50 प्रतिशत, रिविलगंज में 86.72 प्रतिशत, एकमा में 84.91 प्रतिशत और मसरख में 84.51 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
डीएम ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जिला नियंत्रण कक्ष और विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों का भी अवलोकन किया।
स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुपर जोनल एवं जोनल दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और त्वरित कार्रवाई दल (QRT) की ओर से लगातार निगरानी की गई।
सील कर मतपेटियां बज्रगृह भेजीं
मतदान समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों की उपस्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतपेटियों को सील किया गया। इसके बाद मतदान दलों, जोनल दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की देखरेख में मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच निर्धारित बज्रगृह के लिए रवाना किया गया।
यह भी पढ़ें: सारण शिक्षक चुनाव: गोपालगंज में 92.91% मतदान
सारण जिले में मतदान संपन्न होने के बाद अब चुनाव परिणाम को लेकर प्रत्याशियों और शिक्षक मतदाताओं की नजरें 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।

0 टिप्पणियाँ