मांझी के रामघाट में शुरू होगी अटल उत्सव की परंपरा, पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
8.20 करोड़ की रिवर फ्रंट परियोजना का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण, अटल वाटिका और प्रतिमा का हुआ अनावरण; सिताबदियारा के लिए स्थायी पुल बनाने की भी पहल
मांझी (सारण)। सरयू नदी के किनारे स्थित मांझी का रामघाट अब केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक आयोजनों और पर्यटन की नई पहचान बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को यहां विकसित रिवर फ्रंट परियोजना का लोकार्पण करते हुए हर साल अटल उत्सव आयोजित करने की घोषणा की। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर रामघाट में राजकीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस घोषणा के साथ रामघाट को एक नियमित सांस्कृतिक आयोजन से जोड़ने की पहल भी हुई है।
मुख्यमंत्री ने 8 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की लागत से विकसित रिवर फ्रंट डेवलपमेंट परियोजना का उद्घाटन किया। उन्होंने अटल वाटिका का लोकार्पण करने के साथ अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके अलावा अटल द्वार का भी उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को रामघाट का विस्तार दोनों तरफ स्थित पुलों तक करने का निर्देश दिया। इससे घाट का विकसित क्षेत्र और व्यापक होगा तथा श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
आस्था के साथ सुरक्षा पर भी जोर
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रामघाट का संबंध प्रभु श्रीराम के आगमन और सरयू नदी में स्नान की धार्मिक मान्यता से जुड़ा है। छठ महापर्व से पहले घाट का विकास श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने सरयू नदी में तेज बहाव को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यहां एसडीआरएफ की टीम प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया। रामघाट परिसर में विकसित यज्ञशाला और मां सरयू कैफे (दीदी की रसोई) का भी उन्होंने निरीक्षण किया।
सिताबदियारा को स्थायी पुल की सौगात की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मस्थली सिताबदियारा के विकास से जुड़ी एक महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि आरा से सिताबदियारा को जोड़ने के लिए पीपा पुल के स्थान पर स्थायी पुल निर्माण कराने का आग्रह केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से किया गया है। केंद्रीय मंत्री ने इस कार्य को सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया है। स्थायी पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को सालभर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं का लिया जायजा
रामघाट पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने दलन सिंह उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज का दौरा किया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी स्व. दलन सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और सेवा संकल्प-सह-कायाकल्प अभियान के तहत विकसित आधुनिक प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया। इनमें स्पेस साइंस एंड इनोवेशन लैब, आईएसएम, आईसीटी, बायोलॉजी और केमिस्ट्री लैब शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यालय की लाइब्रेरी में कंप्यूटर लगाने का निर्देश भी दिया, ताकि विद्यार्थियों को डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा मिल सके।
यह भी पढ़ें: पीपापुल की परेशानी से मिलेगी मुक्ति, रिविलगंज-सिताबदियारा के बीच बनेगा स्थायी पुल
कार्यक्रम में सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक रणधीर कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने संबोधित किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव, मंत्री नीतीश मिश्रा, विधायक जनक सिंह, केदारनाथ सिंह, छोटी कुमारी, विधान पार्षद संजय मयूख एवं वीरेंद्र नारायण यादव सहित जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, एसएसपी रोशन कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ