Advertisement

मांझी में अटल घाट और अटल वाटिका का लोकार्पण आज, CM सम्राट चौधरी करेंगे अनावरण

मांझी में आज अटल घाट और अटल वाटिका का लोकार्पण करेंगे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का होगा अनावरण

मांझी के अटल घाट परिसर में स्थापित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा।

छपरा। सारण जिले के ऐतिहासिक मांझी स्थित रामघाट पर गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नवनिर्मित अटल घाट और अटल वाटिका का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर वे देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री नीतीश मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे।

साढ़े नौ करोड़ रुपये से हुआ घाट का विकास

नमामि गंगे परियोजना के तहत सरयू नदी के तट पर स्थित रामघाट का करीब साढ़े नौ करोड़ रुपये की लागत से विकास और सौंदर्यीकरण किया गया है। इसके तहत अटल घाट और अटल वाटिका के निर्माण के साथ हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर का भी जीर्णोद्धार किया गया है। परियोजना का उद्देश्य इस ऐतिहासिक स्थल को धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है।

स्मृति दीर्घा में दिखेगी अटल जी के जीवन की झलक

परिसर में अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, व्यक्तित्व और विचारों से जुड़ी स्मृति दीर्घा बनाई गई है। वहीं, परिसर की दीवारों पर मिथिला शैली की चित्रकारी और मधुबनी कला के माध्यम से बिहार की लोक संस्कृति को प्रदर्शित किया गया है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पक्की सीढ़ियां, सुरक्षा रेलिंग, कपड़े बदलने के कक्ष, पाथवे और बैठने के लिए बेंच बनाई गई हैं। अटल वाटिका में हरियाली के साथ रात में रोशनी के लिए आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और हाईमास्ट लाइटें भी लगाई गई हैं।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए हैं। सरयू नदी में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात रहेंगी। नदी क्षेत्र में क्रूज के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी। मांझी के बलिया मोड़ और मियांपट्टी मोड़ पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। रेलपुल और जयप्रभा सेतु पर भी अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

दोपहर 12:30 बजे पहुंचेंगे मुख्यमंत्री

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री गुरुवार को दोपहर करीब 12:30 बजे मांझी पहुंचेंगे और लगभग एक घंटे तक कार्यक्रम में रहेंगे। उनकी सुरक्षा के लिए पटना से पहुंची विशेष टीम ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली है। मुख्यमंत्री के आगमन के लिए दलन सिंह उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज परिसर में दो हेलीपैड बनाए गए हैं। 

यह भी पढ़ें: इसुआपुर के रौशन अली की नोएडा में संदिग्ध मौत

इस परियोजना के पूरा होने से मांझी के रामघाट को नया स्वरूप मिला है। लोकार्पण के बाद यह स्थल धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान के नए केंद्र के रूप में विकसित होने की उम्मीद है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ