Advertisement

सारण में ट्रैक्टर से कुचलकर 50 वर्षीय अशोक सिंह की मौत

सारण में खौफनाक वारदात: ट्रैक्टर से कुचलकर 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत

ट्रैक्टर से कुचलकर हुई अशोक सिंह अचेत अवस्था में अस्पताल में

छपरा (सारण)। सारण जिले के गौरा थाना क्षेत्र के सलिमापुर गांव में आपसी विवाद के बाद एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 50 वर्षीय अशोक सिंह को कथित तौर पर ट्रैक्टर से कुचल दिया गया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन सदर अस्पताल, छपरा पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।

मृतक की पहचान सलिमापुर गांव निवासी स्व. रामजी सिंह के पुत्र अशोक सिंह (50) के रूप में हुई है।

क्या है पूरा मामला?

मृतक के परिजनों और पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अशोक सिंह का अपने पड़ोसी अमन कुमार सिंह और विमय कुमार सिंह के साथ पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि घटना के दिन विवाद के दौरान विमय कुमार सिंह ने अपने भाई उज्ज्वल सिंह को ट्रैक्टर लेकर मौके पर बुलाया और अशोक सिंह को कुचलने के लिए कहा। इसके बाद उज्ज्वल सिंह ने तेज गति से ट्रैक्टर चलाते हुए अशोक सिंह को कुचल दिया। इस घटना में वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही अचेत हो गए।

अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में अशोक सिंह को मढ़ौरा अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनकी अत्यंत गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा रेफर कर दिया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।

पत्नी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में मृतक की पत्नी विभा देवी के बयान पर गौरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी में अमन सिंह, विभा सिंह एवं उज्ज्वल सिंह को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है।

यह भी पढ़ें: पटना में मोमो दुकानों पर छापेमारी, 22 किलो सड़ा चिकन बरामद

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पति की अचानक हुई इस दर्दनाक मौत के बाद पत्नी विभा देवी के सामने परिवार के भरण-पोषण और बेटी के भविष्य को लेकर गंभीर चिंता खड़ी हो गई है। वहीं, शोकाकुल परिजन और ग्रामीण आरोपितों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ