सारण: इशुआपुर महिला हत्या कांड का खुलासा, सौतेला बेटा निकला मास्टरमाइंड, मुख्य आरोपी मनु गिरी गिरफ्तार
#छपरा, 05 जुलाई | सारण पुलिस ने इशुआपुर थाना क्षेत्र के चर्चित महिला हत्या कांड का सफल खुलासा करते हुए मुख्य नामजद आरोपी मनु गिरी को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका के सौतेले बेटे ने घरेलू कलह और संपत्ति विवाद के कारण अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी. इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
20 जून को हुई थी हत्या
पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 को इशुआपुर थाना क्षेत्र के अचितपुर नट टोली निवासी शबरून निशा उर्फ सोनी देवी, जो अशोक गिरी की दूसरी पत्नी थीं, की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मृतका के पिता के फर्दबयान पर इशुआपुर थाना कांड संख्या 238/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया.
एसआईटी गठित कर शुरू हुई जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मढ़ौरा-2 के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. तकनीकी साक्ष्यों, मानवीय सूचना और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची कि हत्या घरेलू कलह और संपत्ति विवाद के कारण सुनियोजित तरीके से कराई गई थी.
सौतेला बेटा ही निकला मास्टरमाइंड
एसडीपीओ मढ़ौरा-2 एसके सुधांशु ने शनिवार को इशुआपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि मृतका का सौतेला बेटा मनु गिरी इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता था. उसने अपने परिजनों और कुछ सहयोगियों की मदद से 20 जून की शाम महिला की गोली मारकर हत्या कराई.
चार आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी मशरक से दबोचा गया
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही गायत्री देवी, अलका देवी और अंकित सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. इसके बाद लगातार छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी मनु गिरी को मशरक थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में मंडल कारा, छपरा भेज दिया गया.
यह भी पढ़े : राजद के 30 वें स्थापना दिवस पर लालू यादव का बिहार की जनता के नाम संदेश
कई मामलों में पहले से दर्ज हैं केस
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी मनु गिरी के खिलाफ हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कई आपराधिक मामले पहले से विभिन्न थानों में दर्ज हैं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है तथा फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
#ChapraNews #SaranNews #SaranPolice #Ishuapur #CrimeNews #BiharPolice #BreakingNews #ManuGiri #MurderCase

0 टिप्पणियाँ