सारण के 20 प्रखंडों में 21 आदर्श विद्यालयों का लोकार्पण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर सरकार का जोर
छपरा, 20 जुलाई | बिहार के उपमुख्यमंत्री सह सारण के प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने रविवार को सोनपुर स्थित के.पी.एस.पी. उच्च विद्यालय, गंगाजल (+2) में आदर्श विद्यालय का रविवार को लोकार्पण किया। इसके साथ ही सारण जिले के 20 प्रखंडों में कुल 21 आदर्श विद्यालयों का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार अब केवल शिक्षा के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर दे रही है। इससे "शिक्षित बिहार, समृद्ध बिहार" के लक्ष्य को नई गति मिलेगी।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर सरकार का जोर
उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि ज्ञानवान और ऊर्जावान बिहार ही राज्य के नवनिर्माण की मजबूत नींव है। उन्होंने युवाओं से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उपयोग राज्य और देश के विकास में करने का आह्वान किया।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे आदर्श विद्यालय
सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह ने कहा कि आदर्श विद्यालयों में अनुभवी शिक्षक, विषय विशेषज्ञ, स्मार्ट क्लास, आधुनिक पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाएं, खेल सुविधाएं, बेहतर आधारभूत संरचना तथा करियर काउंसलिंग जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और वे इंजीनियरिंग, मेडिकल तथा यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकेंगे।
यह भी पढ़े : भगवान बाजार में दोषपूर्ण नाला निर्माण पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई | छपरा
कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा उपमुख्यमंत्री के स्वागत से हुई। इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और फीता काटकर विद्यालय का लोकार्पण किया गया। छात्राओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। दीप प्रज्वलन, राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
समारोह में विधान परिषद सदस्य प्रो. (डॉ.) वीरेंद्र नारायण यादव, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
551 आदर्श विद्यालयों के लोकार्पण का लाइव प्रसारण
कार्यक्रम के दौरान बेगूसराय से आयोजित राज्यस्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार के 551 आदर्श विद्यालयों के लोकार्पण कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा।
यह भी पढ़ें : राहुल सांकृत्यायन की प्रतिमा तोड़े जाने पर छपरा में रोष, वीरेन्द्र नारायण यादव की अध्यक्षता में बैठक





0 टिप्पणियाँ