Advertisement

सारण में 9 डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन, दरिहारा कॉलेज से उपमुख्यमंत्री ने दिया शिक्षा का संदेश

सारण में शिक्षा को मिली नई मजबूती: दरिहारा डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन, 9 प्रखंडों में शुरू हुई उच्च शिक्षा की नई पहल

छपरा (सारण), 15 जुलाई | सारण जिले के दरियापुर प्रखंड स्थित दरिहारा डिग्री महाविद्यालय का बुधवार को उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सह प्रभारी मंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि-

ज्ञान, विज्ञान, ईमान, अरमान और सम्मान- इन पाँच मापदंडों पर जब सार्थक विकास होता है, तभी समाज को नई दिशा मिलती है।
सारण के दरियापुर स्थित दरिहारा डिग्री महाविद्यालय के उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव, जनप्रतिनिधि एवं जिलाअधिकारी उपस्थित

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आधारभूत ढांचे को मजबूत कर रही है। इसी कड़ी में बिहार के 211 प्रखंडों में एक साथ डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर के गोराडीह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी महाविद्यालयों का लोकार्पण किया।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा सात निश्चय-3 के तहत उच्च शिक्षा को प्रखंड स्तर तक पहुँचाने का लक्ष्य तय किया गया था। पहले अनुमंडल स्तर पर डिग्री कॉलेज स्थापित करने की योजना थी, जिसे बाद में प्रखंड स्तर तक विस्तारित किया गया। आज उसी संकल्प को साकार किया गया है।

सारण के 9 प्रखंडों को मिला डिग्री महाविद्यालय

उन्होंने कहा कि दरियापुर के अलावा मशरक, मढ़ौरा, तरैया, लहलादपुर, पानापुर, एकमा, इसुआपुर और मकेर में भी डिग्री महाविद्यालय स्थापित किए गए हैं। इससे हजारों विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को अपने क्षेत्र के निकट ही स्नातक स्तर की पढ़ाई का अवसर मिलेगा तथा उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होगी।

उन्होंने कहा कि "शिक्षित बिहार ही समृद्ध और विकसित बिहार की मजबूत नींव है।"

सारण जिले के दरियापुर प्रखंड में नवस्थापित दरिहारा डिग्री महाविद्यालय का भवन

कुलपति और जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार 

जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के कुलपति प्रमेन्द्र कुमार बाजपेई ने स्वागत भाषण में कहा कि प्रखंड स्तर पर डिग्री महाविद्यालयों की स्थापना से उच्च शिक्षा का व्यापक विस्तार होगा। उन्होंने इस पहल के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़े: Free AI Course 2026: भारत सरकार का मुफ्त AI कोर्स, ऐसे करें आवेदन

स्थानीय विधायक करिश्मा राय ने शिक्षा को विकास का सबसे मजबूत आधार बताते हुए सरकार के इस कदम की सराहना की। वहीं विधान परिषद् सदस्य वीरेन्द्र नारायण यादव ने कहा कि इस पहल से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूती मिलेगी।

सारण के दरियापुर स्थित दरिहारा डिग्री महाविद्यालय के उद्घाटन में सम्बोधित करती विधायक करिश्मा राय

उद्घाटन के साथ हुआ वृक्षारोपण 

कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा फीता काटकर प्रशासनिक भवन का उद्घाटन कराया गया।

सारण के दरियापुर स्थित दरिहारा डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन करते उपमुख्यमंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव

दरिहारा डिग्री महाविद्यालय उद्घाटन अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव, कुलपति, जनप्रतिनिधी व अन्य द्वारा वृक्षारोपण करते हुए।

कार्यक्रम में वंदे मातरम्, राष्ट्रगान और बिहार गीत का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री के राज्यस्तरीय कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण भी देखा गया। समारोह के अंत में महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। 

#Chapra #Saran #NewDegreeCollege

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ