Advertisement

सारण में मनरेगा योजनाओं में गड़बड़ी: लेजुआर पंचायत की मुखिया समेत 7 पर FIR, संविदाकर्मियों पर भी कार्रवाई

सारण में मनरेगा योजनाओं में अनियमितता, लेजुआर पंचायत की मुखिया समेत 7 पर FIR 

छपरा, 15 जुलाई | सारण जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज लेजुआर में मनरेगा योजनाओं की जांच के दौरान वित्तीय अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। उप विकास आयुक्त (डीडीसी) लक्ष्मण तिवारी ने 13 जुलाई को पांच योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया, जिसमें तीन पईन उड़ाही और दो निजी वृक्षारोपण योजनाओं की जांच की गयी।

सारण के मांझी प्रखंड की लेजुआर पंचायत में मनरेगा योजनाओं की जांच के दौरान अनियमितताओं पर करवाई संबंधित पोस्टर

जांच के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 की तीन पईन उड़ाही योजनाओं के क्रियान्वयन में वित्तीय अनियमितता पाई गई। वहीं पंचायत द्वारा कराई गई दो निजी वृक्षारोपण योजनाओं में घटिया सामग्री का उपयोग किए जाने की पुष्टि हुई।

डीडीसी के निर्देश पर योजना से जुड़े कनीय अभियंता, पंचायत तकनीकी सहायक, पंचायत रोजगार सेवक, मेट, ग्राम पंचायत राज लेजुआर की मुखिया श्रीमती माधुरी देवी तथा पंचायत समिति सदस्य श्रीमती बबीता देवी के विरुद्ध दाउदपुर थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

यह भी पढ़ें : छपरा का राजेन्द्र पार्क: बच्चों के लिए बेहतरीन डेस्टिनेशन

इसके अलावा, जांच में योजनाओं के क्रियान्वयन में दोषी पाए गए कनीय अभियंता, पंचायत तकनीकी सहायक, पंचायत रोजगार सेवक और मेट के विरुद्ध संविदा समाप्त (संविदामुक्त) करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

प्रशासन का कहना है कि सरकारी योजनाओं में अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जाएगा।

#Chapra #Saran #DDC


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ