सारण में टीबी मुक्त भारत अभियान को गति, डीएम ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष स्क्रीनिंग और एक्स-रे बढ़ाने के दिए निर्देश
छपरा, 07 जुलाई | सारण जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चल रहे 100 दिवसीय विशेष स्क्रीनिंग अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सोमवार को जलालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों की टीबी जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
टीबी स्क्रीनिंग अभियान की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने टीबी स्क्रीनिंग काउंटर और स्क्रीनिंग पंजी का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईंट-भट्ठों, महादलित टोलों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों की टीबी जांच कराई जाए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि 6 जुलाई को पूरे सारण जिले में लगभग 20 हजार लोगों की स्क्रीनिंग की गई। वहीं जलालपुर प्रखंड में एक दिन में 1,255 लोगों की जांच हुई, जबकि अब तक कुल 3,195 लोगों की स्क्रीनिंग पूरी की जा चुकी है।
संदिग्ध मरीजों के अधिक एक्स-रे कराने पर जोर
जिलाधिकारी ने एक्स-रे जांच की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि महादलित टोलों और ईंट-भट्ठों से संदिग्ध लोगों को एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जाए तथा प्रतिदिन कम-से-कम 50 एक्स-रे कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समय पर जांच से टीबी की पहचान और उपचार में तेजी लाई जा सकती है।
जनभागीदारी से सफल होगा अभियान
निरीक्षण के बाद जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख, मुखिया प्रतिनिधियों, जीविका दीदियों, विकास मित्रों, आंगनबाड़ी सेविकाओं और आशा कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को टीबी जांच के लिए प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों में टीबी की पुष्टि होगी, उन्हें सरकार की ओर से निःशुल्क दवा और समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। समय पर जांच और नियमित इलाज से टीबी पर प्रभावी नियंत्रण संजाएगा।
यह भी पढ़े : 11 जुलाई से जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा, मिलेगी परिवार नियोजन सेवाएं
'नि:क्षय मित्र' बनने की अपील, स्वतंत्रता दिवस पर होगा सम्मान
बैठक में 'नि:क्षय मित्र' पहल की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्वयं पांच टीबी मरीजों को नि:क्षय मित्र के रूप में अपनाया है, जबकि सिविल सर्जन ने भी पांच मरीजों की जिम्मेदारी ली है।
जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, उद्योगपतियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक टीबी मरीजों को नि:क्षय मित्र के रूप में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस अभियान में योगदान देने वाले नि:क्षय मित्रों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
#Chapra #Saran #TBMuktBharat #TBScreening #Jalalpur #Health

0 टिप्पणियाँ