सिवान छात्र प्रदर्शन: AK-47 से फायरिंग करने वाला सिपाही निलंबित, DM-SP बोले- फायरिंग का कोई आदेश नहीं था
सिवान, 28 जुलाई | 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान सिवान में छात्र प्रदर्शन के बीच एक पुलिसकर्मी द्वारा AK-47 से फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिहार पुलिस मुख्यालय ने मामले का संज्ञान लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वायरल वीडियो के बाद घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने फायरिंग करने वाले सिपाही अभिषेक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: NEET Protest: बिहार सरकार ने FIR वापसी और रिहाई का किया ऐलान
जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि छात्र प्रदर्शन के दौरान किसी भी पुलिसकर्मी को फायरिंग का आदेश नहीं दिया गया था। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले की रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजी गई, जिसके आधार पर संबंधित सिपाही को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई। अधिकारियों ने कहा कि पूरे मामले की विभागीय जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि 25 जुलाई को सिवान शहर के जेपी चौक पर ड्यूटी के दौरान उग्र भीड़ से घिर जाने की स्थिति में सिपाही अभिषेक कुमार ने सरकारी संपत्ति और जान-माल की सुरक्षा के उद्देश्य से चार राउंड हवाई फायरिंग की थी। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, घटना के तत्काल बाद फायरिंग स्थल पर किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली थी। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित सिपाही को सिवान जिला आदेश संख्या-1144/26 के तहत निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस मुख्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि बाद में जिन तीन लोगों के घायल होने की सूचना सामने आई, वे जेपी चौक स्थित फायरिंग स्थल पर घायल नहीं हुए थे। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरिफ (17 वर्ष) और आकाश कुमार (22 वर्ष) होशिंग चौक पर घायल हुए, जो जेपी चौक से करीब 1.5 किलोमीटर दूर है, जबकि बुलेट कुमार गौड़ (20 वर्ष) ट्रैफिक थाना के पास घायल पाए गए, जो घटनास्थल से लगभग 2 किलोमीटर दूर है। तीनों को पहले सदर अस्पताल, सिवान में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना के मेडिवर्सल अस्पताल रेफर किया गया। इनमें से आरिफ को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य दोनों घायलों का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की स्थिति खतरे से बाहर है। तीनों घायलों के फर्दबयान के आधार पर सिवान नगर थाना में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
यह भी पढ़ें: राजधानी एक्सप्रेस को पलटाने की साजिश? जांच तेज, एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस प्रशासन का कहना है कि विभागीय जांच में यह तय किया जाएगा कि फायरिंग किन परिस्थितियों में की गई, क्या पुलिस मैनुअल और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन किया गया तथा यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




0 टिप्पणियाँ