उपचुनाव रिजल्ट LIVE: बांकीपुर में प्रशांत किशोर आगे, दतिया और मांजलपुर में भाजपा को बढ़त
नई दिल्ली, 03 अगस्त | बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों- बांकीपुर, दतिया और मांजलपुर पर हुए उपचुनाव की मतगणना सोमवार सुबह से जारी है। शुरुआती रुझानों में बिहार की बांकीपुर सीट से जन सुराज के प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर सीट पर भाजपा आगे चल रही है।
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी हो चुकी है और ईवीएम के वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों के अनुसार जन सुराज के प्रशांत किशोर दो राउंड की मतगणना के बाद 1,161 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं। इस सीट पर कुल 31 राउंड में मतगणना होनी है, जिसके लिए 14 टेबल लगाए गए हैं। भाजपा के नीरज सिन्हा और राजद की रेखा गुप्ता भी मैदान में हैं।
गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर अब तक चार राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। यहां कुल 19 राउंड में मतगणना होनी है। शुरुआती रुझानों में भाजपा बढ़त पर है, जबकि कांग्रेस उसके पीछे चल रही है।
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर पहले राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। यहां कुल 15 राउंड में मतगणना होगी। शुरुआती रुझानों में भाजपा ने बढ़त बनाई हुई है, जबकि कांग्रेस दूसरे स्थान पर है।
यह भी पढ़ें: छपरा: 4 सितंबर से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 19 सितंबर को महर्षि दधीचि जन्मोत्सव
तीनों सीटों के परिणामों पर राजनीतिक दलों के साथ-साथ पूरे देश की नजरें टिकी हैं। मतगणना आगे बढ़ने के साथ रुझानों में बदलाव संभव है। अंतिम नतीजे सभी राउंड की गिनती पूरी होने के बाद घोषित किए जाएंगे।
(यह खबर शुरुआती रुझानों पर आधारित है। रुझानों में बदलाव संभव है। अंतिम परिणाम मतगणना पूरी होने के बाद घोषित किए जाएंगे।)


0 टिप्पणियाँ