दहियांवा के महर्षि दधीचि आश्रम में 4 सितंबर से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 19 सितंबर को होगा महर्षि दधीचि जन्मोत्सव
छपरा के दहियांवा स्थित महर्षि दधीचि आश्रम उमानाथ मंदिर परिसर में आयोजित आमसभा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और महर्षि दधीचि जन्मोत्सव को भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में मंदिर निर्माण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
छपरा, 03 अगस्त | दहियांवा स्थित महर्षि दधीचि आश्रम उमानाथ मंदिर परिसर में रविवार को आयोजित आमसभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 4 से 8 सितंबर तक श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर पांच दिवसीय झूलनोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वहीं 19 सितंबर को महर्षि दधीचि जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।
मंदिर समिति के संयोजक अरुण पुरोहित ने बताया कि जयपुर से महर्षि दधीचि भगवान की प्रतिमा आश्रम पहुंच चुकी है। साथ ही करीब 10 लाख रुपये की लागत से भव्य मंदिर निर्माण का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 19 सितंबर को आयोजित महर्षि दधीचि जन्मोत्सव में देश-विदेश से सैकड़ों श्रद्धालु और दधीचि समाज के लोग शामिल होंगे। वहीं 4 से 8 सितंबर तक श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान मथुरा-वृंदावन के कलाकारों द्वारा रासलीला तथा राष्ट्रभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
बैठक की अध्यक्षता मदन मोहन सिंह ने की। इस दौरान इंदौर दधीचि सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष शंकर लाल शर्मा, राजेंद्र कुमार शर्मा, मनीष दधीचि (अलवर), सचिव परशुराम राय, कोषाध्यक्ष विभूति नारायण शर्मा, उपाध्यक्ष राजकुमार राय एवं मुकेश राय, संयोजक अरुण पुरोहित सहित अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की।
यह भी पढ़ें: सारण जिला अस्पताल में पहली पेनलेस नॉर्मल डिलीवरी, नई उपलब्धि
बैठक में शिक्षाविद हरेंद्र सिंह, जयप्रकाश सिंह (बबुआ जी), श्रीनिवास तिवारी, आचार्य रंगनाथ तिवारी, चरणदास तथा बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: छपरा क्षेत्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता-2026: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की खिलाड़ियों ने जीते कई खिताब



0 टिप्पणियाँ