खेलो इंडिया अस्मिता लीग में छपरा सदर की बालिका टीम ने जीता गोल्ड, अब स्टेट चैंपियनशिप में दिखाएंगी दम

खेल | सारण

खेलो इंडिया अस्मिता लीग में गोल्ड मेडल जीतने वाली छपरा सदर की विजेता टीम ट्रॉफी के साथ

छपरा, 17 अगस्त | खेलो इंडिया अस्मिता लीग के तहत सेपक टाकरा प्रतियोगिता का आयोजन रविवार, 16 अगस्त को छपरा शहर के एक निजी विद्यालय में किया गया। प्रतियोगिता में सारण जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई बालिका खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में छपरा सदर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं भागवत विद्यापीठ स्कूल की बालिका खिलाड़ियों ने दूसरा स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल हासिल किया।

20 प्रखंडों से करीब 100 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

खेलो इंडिया अस्मिता लीग सेपक टाकरा प्रतियोगिता में शामिल विभिन्न प्रखंडों की बालिका खिलाड़ी

ऑल बिहार सेपक टाकरा संघ के सचिव डॉ. करुणेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में सारण जिले के करीब 20 प्रखंडों से लगभग 100 बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें करीब 14, 17 और 19 वर्ष के आयु वर्ग की खिलाड़ी शामिल थीं।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं को सेपक टाकरा में आगे बढ़ने के लिए प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना और उनकी खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है।

सारण से चयनित खिलाड़ी खेलेंगी स्टेट चैंपियनशिप 

खेलो इंडिया अस्मिता लीग में गोल्ड मेडल जीतने वाली छपरा सदर की विजेता टीम ट्रॉफी व कोच के साथ

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों में से सारण की प्रतिभाओं का चयन आगे की प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी स्टेट चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी। राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को आगे राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर मिलेगा।

बिहार के 10 जिलों में आयोजित हो रही लीग 

खेलो इंडिया अस्मिता लीग सेपक टाकरा प्रतियोगिता में खेलती हुई बालिका खिलाड़ी

डॉ. करुणेश कुमार के अनुसार, बिहार के 10 जिलों में खेलो इंडिया अस्मिता लीग के तहत सेपक टाकरा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सारण भी शामिल है। उन्होंने बताया कि महिला खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार के खेल मंत्रालय की ओर से महिला सशक्तीकरण और महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेलो इंडिया अस्मिता लीग के तहत इस तरह के आयोजन किए जा रहे हैं।

सेपक टाकरा दक्षिण-पूर्व एशिया का लोकप्रिय खेल है और मलेशिया का राष्ट्रीय खेल है। भारत में भी इस खेल को बढ़ावा दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: बिहार में एयर कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार, सारण-गोपालगंज पर फोकस

सेपक टाकरा प्रतियोगिता की उप विजेता भागवत विद्यापीठ की बालिका टीम ट्रॉफी के साथ

ऑल बिहार सेपक टाकरा संघ के सचिव डॉ. करुणेश कुमार और छपरा सेपक टाकरा संघ के अध्यक्ष विकास कुमार और सारण सेपक टाकरा संघ के सचिव तरूण कुमार ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह भी पढ़ें: छात्र आंदोलन में घायल रिविलगंज BDO रितेश कुमार सिंह सम्मानित