राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए सारण प्रमंडल से एक सहित बिहार के छह शिक्षक चयनित
राज्य स्तरीय चयन समिति की अनुशंसा के बाद शिक्षा विभाग ने जारी किया पत्र, 12 अगस्त को होगा ऑनलाइन प्रस्तुतीकरण
छपरा, 09 अगस्त | प्रति वर्ष शिक्षण क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को शिक्षक दिवस (5 सितंबर) के अवसर पर सम्मानित किया जाता है, ताकि उनके योगदान को सराहा जा सके और अन्य शिक्षक भी उनसे प्रेरणा ले सकें। इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इस वर्ष भी राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के तहत सारण प्रमंडल से एक सहित बिहार के छह शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों का राज्य स्तरीय चयन किया गया है।
राज्य स्तरीय चयन समिति की अनुशंसा के बाद प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने चयनित शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए प्रस्तुतीकरण देने का निर्देश दिया है। प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक (भा.प्र.से.) की ओर से जारी पत्र के अनुसार, चयनित शिक्षकों का ऑनलाइन प्रस्तुतीकरण 12 अगस्त 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगा।
सारण प्रमंडल से गोपालगंज की शिक्षिका चयनित
राज्य स्तरीय चयनित छह शिक्षकों में गोपालगंज जिले के कुचायकोट स्थित कन्या मध्य विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती पुष्पा प्रसाद भी शामिल हैं। गोपालगंज, सारण प्रमंडल के तीन जिलों में शामिल है। इस तरह राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार की राज्य स्तरीय चयन सूची में सारण प्रमंडल से एक शिक्षक को स्थान मिला है।
इन छह शिक्षकों का हुआ चयन
राज्य स्तरीय चयन समिति की अनुशंसा के बाद राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 की चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए बिहार से इन छह शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों का चयन किया गया है—
- श्रीमती पुष्पा प्रसाद — शिक्षिका, कन्या मध्य विद्यालय, कुचायकोट, गोपालगंज।
- श्री अभिषेक — प्रभारी प्रधान शिक्षक, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, दिघौत, जमुई।
- श्री विप्लव कुमार — शिक्षक, मध्य विद्यालय, अरिहाना, आजमनगर, कटिहार।
- श्रीमती प्रमिला कुमारी — प्रभारी प्राचार्या, +2 एस. एन. लाल उच्च विद्यालय, अखगाँव, संदेश, भोजपुर।
- श्रीमती खुशबू कुमारी — प्रधान शिक्षिका, उर्दू प्राथमिक विद्यालय, बिदयडीह, बाँका।
- श्री राजकुमार प्रसाद गुप्ता — प्रधानाध्यापक, राजकीय मध्य विद्यालय, सलैया, मदनपुर, औरंगाबाद।
12 अगस्त को होगा ऑनलाइन प्रस्तुतीकरण
शिक्षा विभाग के पत्र के अनुसार, भारत सरकार के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग, नई दिल्ली की ओर से चयनित शिक्षकों के प्रस्तुतीकरण के लिए 12 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
यह प्रस्तुतीकरण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रक्रिया के इस चरण में सभी अनुशंसित शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य है।
11 अगस्त को पटना मुख्यालय में उपस्थित होना होगा
राष्ट्रीय स्तर के ऑनलाइन प्रस्तुतीकरण से पहले सभी छह चयनित शिक्षकों को 11 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे तक शिक्षा विभाग के मुख्यालय, पटना में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
विभाग ने शिक्षकों को ऑनलाइन आवेदन से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेखों की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी साथ लाने को कहा है। इसके अलावा पेन ड्राइव आदि में आवश्यक दस्तावेज भी साथ लाने का निर्देश दिया गया है, ताकि प्रस्तुतीकरण से पहले आवश्यक तैयारी और अभिलेखों का सत्यापन किया जा सके।
यह भी पढ़ें: छपरा का माँ काली मंदिर: 200 साल पुरानी मान्यता
शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार, इस प्रक्रिया में सभी अनुशंसित शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
शिक्षा विभाग ने जारी किया आधिकारिक पत्र
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए बिहार के छह शिक्षकों के राज्य स्तरीय चयन और आगे की प्रक्रिया से संबंधित शिक्षा विभाग का आधिकारिक पत्र भी जारी किया गया है।
पत्रांक: 08/शि.पु.-14-02/2026-935
दिनांक: 07 अगस्त 2026


0 टिप्पणियाँ