Advertisement

पटना हाईकोर्ट स्थानांतरण पर सारण के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को विदाई

पटना हाईकोर्ट स्थानांतरण पर सारण के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीत कुमार गर्ग को भावभीनी विदाई

जिला विधिक सेवा प्राधिकार परिसर में आयोजित विदाई समारोह

छपरा, 07 अगस्त | माननीय उच्च न्यायालय, पटना में स्थानांतरण के उपलक्ष्य में सारण जिला न्यायमंडल के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पुनीत कुमार गर्ग को गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार परिसर में आयोजित गरिमामयी समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए सम्मानित किया।

समारोह का शुभारंभ स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष ब्रजेश कुमार मालवीय द्वारा श्री गर्ग को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किए जाने के साथ हुआ। इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं लैड्स के अधिकारियों और कर्मियों ने भी स्मृति-चिह्न, पटका एवं अंगवस्त्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।

इस अवसर पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीशों, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, जेल अधीक्षक, अवर पुलिस अधीक्षक तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि श्री गर्ग के कार्यकाल में न्यायिक सुधार, मुकदमों के त्वरित निष्पादन तथा न्यायिक प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुए। वक्ताओं ने उनके सरल व्यक्तित्व, कर्तव्यनिष्ठा और न्याय के प्रति समर्पण की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

समारोह के दौरान सचिव राजीव कुमार ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए भावपूर्ण शायरी और कविता प्रस्तुत की, जिससे पूरा वातावरण भावुक हो उठा।

यह भी पढ़ें: सारण में 8 अगस्त को साइक्लिंग टैलेंट आइडेंटिफिकेशन कार्यक्रम, खिलाड़ियों का होगा चयन

अपने विदाई संबोधन में श्री पुनीत कुमार गर्ग ने सारण में बिताए कार्यकाल की स्मृतियां साझा करते हुए न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सारण की न्यायप्रिय जनता, न्यायिक परिवार और सहकर्मियों से मिला स्नेह व सहयोग उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

समारोह का समापन श्री गर्ग के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ