एनआईए की कार्रवाई
सारण में NIA की बड़ी कार्रवाई, परसा की मुख्य पार्षद के आवास पर छापेमारी; पुत्र को टीम अपने साथ ले गई
छपरा, 23 अगस्त | सारण जिले के परसा नगर पंचायत में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। दिल्ली और पटना से पहुंची NIA की विशेष टीम ने भारी पुलिस बल के साथ परसा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद आयशा खातून के आवास पर छापेमारी की। करीब चार घंटे तक चली तलाशी के दौरान घर के विभिन्न हिस्सों की गहन जांच की गई और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की गई।
छापेमारी के बाद NIA की टीम मुख्य पार्षद के पुत्र एवं वार्ड पार्षद मो. करमुल्लाह अंसारी को अपने साथ पटना ले गई। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय पुलिस अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। स्थानीय स्तर पर अधिकारियों ने मामले की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई है।
चार घंटे तक घर में चली गहन तलाशी
जानकारी के अनुसार, NIA की टीम सादे लिबास में पुलिस बल के साथ मुख्य पार्षद के आवास पर पहुंची। इसके बाद घर के रास्तों को नियंत्रित कर तलाशी अभियान चलाया गया। टीम ने करीब चार घंटे तक घर के अंदर विभिन्न स्थानों की जांच की और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की।
कार्रवाई पूरी होने के बाद टीम मो. करमुल्लाह अंसारी को अपने साथ लेकर पटना के लिए रवाना हो गई।
हथियार तस्करी के मामले से जुड़ने की चर्चा
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, NIA की यह कार्रवाई हथियारों की तस्करी से जुड़े किसी मामले की जांच के सिलसिले में बताई जा रही है। अत्याधुनिक हथियारों, एके-47 के पुर्जों की बरामदगी और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़े पहलुओं की जांच किए जाने की भी चर्चा है।
हालांकि, इन बिंदुओं की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। यह भी चर्चा है कि मामले के तार मुजफ्फरपुर में पूर्व में सामने आए हथियार बरामदगी के एक नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
दिसंबर 2024 में भी हुई थी छापेमारी
इससे पहले 18 दिसंबर 2024 को भी NIA की पांच सदस्यीय टीम ने इसी आवास पर लंबी छापेमारी की थी। उस दौरान कई घंटे तक चली कार्रवाई में बड़ी संख्या में पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की तैनाती की गई थी।
बताया गया था कि उस कार्रवाई के दौरान घर के दरवाजे बंद कर दस्तावेजों, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच की गई थी।
कार्रवाई से परसा में मची हलचल
NIA की ताजा कार्रवाई के बाद परसा क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। मो. करमुल्लाह अंसारी का नाम पूर्व में भी हथियार से जुड़े मामलों में सामने आने की बात स्थानीय सूत्र बता रहे हैं। उनके पूर्व में जेल जाने की भी जानकारी सामने आई है।
इसके अलावा, पूर्व में इसी परिवार से जुड़े ठिकानों पर विदेशी नागरिकों की मौजूदगी, कथित अवैध हथियार और विदेशी मुद्रा से जुड़े मामलों को लेकर जांच किए जाने की चर्चा रही है।
यह भी पढ़ें: पुरबिया रंग महोत्सव में ‘कुरुक्षेत्र’ का मंचन, कर्म और मानवता का संदेश
हालांकि, इन पुराने मामलों और मौजूदा NIA कार्रवाई के बीच आधिकारिक तौर पर क्या संबंध है, इसकी पुष्टि जांच एजेंसी या स्थानीय पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
NIA की कार्रवाई के बाद अब जांच के आगे बढ़ने और इस मामले में आधिकारिक तौर पर क्या तथ्य सामने आते हैं, इस पर सबकी नजर है।


0 टिप्पणियाँ