महम्मदपुर के कन्या विद्यालय में शिक्षक पर छात्राओं से छेड़खानी का आरोप, हिरासत में लिया गया
छात्रा की शिकायत के बाद विद्यालय पहुंचे परिजन और ग्रामीण, बीईओ ने छात्राओं से की पूछताछ; पुलिस ने आरोपित शिक्षक को हिरासत में लिया
मांझी (सारण), 09 सितम्बर | प्रखंड के महम्मदपुर पूरब पट्टी स्थित उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय में एक शिक्षक पर नाबालिग छात्राओं से छेड़खानी का आरोप लगने के बाद मंगलवार को विद्यालय परिसर में हंगामा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित शिक्षक को हिरासत में ले लिया।
बताया जाता है कि सोमवार शाम एक छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मंगलवार सुबह प्रार्थना सत्र के दौरान छात्राओं के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए तथा प्रधानाध्यापक हरेराम उपाध्याय से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधानाध्यापक ने तत्काल प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विभा रानी को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर बीईओ विद्यालय पहुंचीं और बंद कमरे में छात्राओं से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित शिक्षक द्वारा लंबे समय से छात्राओं के साथ इस तरह की हरकत की जा रही थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
आरोपित शिक्षक की पहचान गांव निवासी मनोज कुमार के रूप में बताई गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में हंगामा करते हुए आरोपित शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बीईओ विभा रानी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गंभीर प्रतीत हो रहा है। जांच रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजी जा रही है और नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इधर, सूचना मिलने पर मांझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे। पुलिस ने आरोपित शिक्षक को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष के अनुसार, परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: छपरा सरकारी मेडिकल कॉलेज को मिली मान्यता, 50 MBBS सीटें
घटना के दौरान मुखिया प्रतिनिधि शैलेंद्र उपाध्याय, जितेंद्र उपाध्याय, संजय उपाध्याय, भोला उपाध्याय, राकेश उपाध्याय, रामाशंकर मिश्रा, श्यामू ओझा, गणेश मिश्रा, भृगुनाथ तिवारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ