प्रशासन |आय से अधिक संपत्ति का मामला
आय से अधिक संपत्ति के मामले में SVU की कार्रवाई, छपरा में अधीक्षण अभियंता के कार्यालय की तलाशी
छपरा, 11 सितंबर | आय से अधिक संपत्ति के मामले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने शुक्रवार को लघु जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र प्रसाद से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की। इसी क्रम में SVU की टीम छपरा शहर के डाक बंगला रोड स्थित गंडक कॉलोनी में विभागीय कार्यालय पहुंची और उनके कार्यालय कक्ष की तलाशी ली।
जानकारी के अनुसार, करीब छह अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम शाम के समय अचानक विभागीय कार्यालय पहुंची। टीम के पहुंचते ही कार्यालय परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इसके बाद अधीक्षण अभियंता के कक्ष में मौजूद फाइलों, दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की गई। करीब एक घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों के बीच भी हलचल बनी रही।
यह कार्रवाई राजेंद्र प्रसाद के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, SVU की जांच में उनकी वैध आय की तुलना में करीब तीन करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति से जुड़े तथ्य सामने आए हैं। हालांकि, संपत्ति की कुल मात्रा और जांच में सामने आए सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि SVU की ओर से अभी नहीं की गई है।
पनवेल में जमीन में निवेश की भी जांच
जांच के दौरान महाराष्ट्र के पनवेल इलाके में जमीन में निवेश से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वहां करीब 75 डिसमिल जमीन में निवेश किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1.75 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इसी मामले के सिलसिले में पटना स्थित जल भवन और अन्य संबंधित ठिकानों पर भी SVU की कार्रवाई की जानकारी है। जांच एजेंसी संपत्ति और आय के विभिन्न स्रोतों के बीच तालमेल की पड़ताल कर रही है।
छपरा कार्यालय में मौजूद नहीं थे राजेंद्र प्रसाद
SVU की टीम जब छपरा स्थित कार्यालय पहुंची, उस समय अधीक्षण अभियंता राजेंद्र प्रसाद वहां मौजूद नहीं थे। विभागीय कर्मचारियों के अनुसार, उनका मुख्य पदस्थापन पटना स्थित जल भवन में है। करीब दो महीने पहले उन्हें सारण प्रमंडल के अधीक्षण अभियंता का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।
कर्मचारियों के मुताबिक, वह सामान्य तौर पर सप्ताह में एक दिन छपरा कार्यालय आते हैं। उनका परिवार भी पटना में रहता है। उनकी अनुपस्थिति में SVU की टीम ने उनके कार्यालय कक्ष में उपलब्ध फाइलों और दस्तावेजों की जांच की।
आधिकारिक बयान का इंतजार
छपरा कार्यालय में करीब एक घंटे तक जांच के बाद SVU की टीम वहां से रवाना हो गई। हालांकि, कार्रवाई के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली अथवा जब्त की गई, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: महम्मदपुर कन्या विद्यालय में शिक्षक पर छेड़खानी का आरोप | Saran News
मामले में SVU की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान या जांच के निष्कर्ष का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही आय से अधिक संपत्ति के आरोपों और संपत्तियों से जुड़े पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

0 टिप्पणियाँ