शिक्षक दिवस पर विशेष
सारण, सिवान और गोपालगंज के 10 शिक्षक होंगे सम्मानित
छपरा, 05 सितंबर | शिक्षक दिवस के अवसर पर सारण प्रमंडल में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 10 शिक्षकों को प्रमंडलीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह का आयोजन 5 सितंबर 2026 को राजकीय जिला स्कूल, छपरा के सभागार में किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया के बाद 10 शिक्षकों के नाम तय
सारण प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक की ओर से जारी पत्र के अनुसार इस समारोह का उद्देश्य सारण, सिवान और गोपालगंज जिले के उत्कृष्ट शिक्षकों को उनके बेहतर कार्य, समर्पण और शिक्षण में नवाचार के लिए सम्मानित करना है।
सम्मान के लिए शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया जिला स्तर से शुरू की गई। जिला स्तरीय समीक्षा बैठकों में प्रधानाध्यापकों द्वारा विभिन्न विषयों के सहायक शिक्षकों की शिक्षण सामग्री और कार्यों का मूल्यांकन किया गया। इसके बाद जिला स्तरीय स्क्रीनिंग समितियों ने तीनों जिलों से उत्कृष्ट शिक्षकों का चयन कर उनकी अनुशंसा प्रमंडलीय स्क्रीनिंग समिति को भेजी।
प्रमंडलीय स्क्रीनिंग समिति ने जिला स्तरीय समितियों की अनुशंसाओं के आधार पर 10 शिक्षकों के नाम अंतिम रूप से चयनित किए हैं।
सारण, सिवान और गोपालगंज के शिक्षक सूची में शामिल
सम्मानित होने वाले शिक्षकों में डॉ. पुनीता कुमारी, श्री पिंटू रंजन प्रसाद, श्री विक्रस कुमार पाण्डेय, डॉ. उमेश कुमार गुप्ता, श्री शैलेश कुमार, श्री मुकेश कुमार ठाकुर, श्री मनोज राम, श्रीमती अनु कुमारी, श्री पंकज कुमार और श्री अनिकेत सिंह यादव शामिल हैं।
इनमें सारण, सिवान और गोपालगंज के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक शामिल हैं।
शिक्षक दिवस पर राजकीय जिला स्कूल में होगा सम्मान समारोह
चयनित शिक्षकों को उनकी मेहनत, समर्पण और शिक्षण शैली में किए गए नवाचार के लिए सम्मानित किया जाएगा। ऐसे सम्मान से उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का मनोबल बढ़ने के साथ-साथ अन्य शिक्षकों को भी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
यह भी पढ़ें: चंचला तिवारी को राजकीय शिक्षक पुरस्कार-2026, सारण का बढ़ा मान
समारोह में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। प्रमंडलीय स्तर पर आयोजित यह सम्मान समारोह शिक्षक समुदाय के योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


0 टिप्पणियाँ