Advertisement

छपरा कोर्ट में पेश हुए राहुल, तेजस्वी और मुकेश सहनी के अधिवक्ता, 15 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई

प्रधान मंत्री पर अभद्र टिप्पणी मामला: राहुल, तेजस्वी और मुकेश के वकील छपरा कोर्ट में हुए हाजिर, 15 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई

छपरा कोर्ट में राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी का फोटो

छपरा/ सारण: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित और अभद्र भाषा का प्रयोग करने के एक प्रमुख मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी के अधिवक्ताओं ने सोमवार को छपरा न्यायालय में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला एसीजेएम चतुर्थ मनीष कुमार पांडेय के न्यायालय में चल रहा है। यहाँ परिवाद संख्या 2223/2026 के अंतर्गत जांच वाद संख्या 30/26 की सुनवाई की जा रही है। इस सुनवाई प्रक्रिया के दौरान तीनों प्रमुख नेताओं का पक्ष रखने के लिए पटना उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता संजय कुमार पांडेय और शिव कुमार छपरा कोर्ट पहुंचे और उन्होंने विधिवत अपना वकालतनामा दाखिल किया। नेताओं के अधिवक्ताओं ने अदालत के समक्ष अपना लिखित जवाब और पक्ष प्रस्तुत करने के लिए कुछ समय देने का अनुरोध किया। न्यायालय ने इस प्रार्थना को स्वीकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई के लिए 15 दिसंबर की तारीख तय की है।

क्या है मामला?

यह मामला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह द्वारा छपरा कोर्ट में दायर परिवाद से जुड़ा हुआ है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बीते 28 अगस्त को दरभंगा जिले में 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए तीनों विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री के प्रति अभद्र और गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी की थी।

यह भी पढ़ें: जनगणना 2027: सारण में दूसरे चरण की तैयारी शुरू, 121 कर्मियों को प्रशिक्षण

सुनवाई के दौरान सूचक (शिकायतकर्ता) की ओर से अधिवक्ता मनोज कुमार ने अदालत में पक्ष प्रस्तुत किया। इस मामले में अब तक की अदालती कार्रवाई के तहत शिकायतकर्ता सहित कुल तीन गवाहों के बयान दर्ज कराए जा चुके हैं। अब 15 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर सबकी निगाहें टिकी रहेंगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ