शर्ट-पैंट और चमड़े के जूते पहनकर मैदान में उतरे जेपीयू के वीसी: 'रन फॉर यूनिटी' में बच्चों के साथ खुद दौड़ लगाकर पेश की अनोखी मिसाल
छपरा। जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के प्रांगण में लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के शुभ अवसर पर 'रन फॉर यूनिटी' (Run for Unity) का अत्यंत भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करना था।
इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा और प्रेरणादायक आकर्षण यह रहा कि कुलपति प्रोफेसर परमेन्द्र कुमार बाजपेई खुद विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों, शिक्षकों और बच्चों के साथ मैदान पर उतरे और उनके साथ कदम से कदम मिलाकर दौड़ लगाई। इस दौरान वे फॉर्मल शर्ट, पैंट और चमड़े के जूते पहने हुए दौड़ लगाते नजर आए, जिसने वहां मौजूद सभी युवाओं और प्रतिभागियों में भारी जोश और ऊर्जा भर दी।
दौड़ की समाप्ति के उपरांत, माननीय कुलपति महोदय ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को देश की आंतरिक सुरक्षा, एकता और अखंडता को सदैव बनाए रखने की राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
इस कार्यक्रम के सफल एवं सुचारू संचालन में क्रीड़ा निदेशक (डायरेक्टर स्पोर्ट्स) प्रोफेसर राजेश नायक की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। आयोजन में विश्वविद्यालय के अन्य गणमान्य पदाधिकारियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और शपथ ग्रहण की, जिनमें महाविद्यालय निरीक्षक प्रोफेसर उदय अरविन्द, कुलानुशासक प्रोफेसर विश्वामित्र पांडेय तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम समन्वयक प्रोफेसर हरिश्चन्द्र प्रमुख रूप से शामिल थे।
यह भी पढ़ें: छपरा कोर्ट में पेश हुए राहुल, तेजस्वी और मुकेश सहनी के अधिवक्ता, 15 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स विभाग तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के छात्र-छात्राओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम को सफल बनाया। दौड़ एवं शपथ ग्रहण समारोह में अनिकेत, दीपक, सुमित, उज्जवल, अनुराग, रंजन, आदित्य, देवराज, आयुष, नितिन, छोटू, निशांत, सुधांश, बंटी, मुस्कान, पीयूष, निर्भय, करन, नीतीश, शनी, अभिषेक, गुड्डू, प्रियांशु, पंकज, अभिराज, सोनी, तनू, निशा, संध्या, अभि, अभिनव, गुड्डी, राजेश तथा प्रताप सहित अनेक विद्यार्थियों ने पूरे मनोयोग और अनुशासन के साथ भाग लिया। कुलपति महोदय ने सभी युवाओं के इस योगदान और देशप्रेम की सराहना की।

0 टिप्पणियाँ