बिहार में सड़क मरम्मत का अनोखा तरीका वायरल, ड्रिल से छेद कर लगाए जा रहे 'टांके', सोशल मीडिया पर उठे सवाल
#बिहार में सड़क मरम्मत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. करीब ढाई मिनट के इस वीडियो में सड़क की मरम्मत के लिए पहले ड्रिल मशीन से सड़क में छेद किया जा रहा है, इसके बाद उसमें लोहे की छड़ का एंगल, सीमेंट और अन्य सामग्री डालकर उसे ठीक करने की कोशिश दिखाई दे रही है.
हालांकि यह वीडियो कहां का है, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है. काँव-काँव न्यूज़ भी इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है. सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद यूजर्स अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
क्या कह रहे यूजर्स
कई यूजर्स ने सड़क मरम्मत के इस तरीके पर तंज कसा. एक यूजर ने लिखा, "टूटी-फूटी सड़कों पर भी टांके लगाकर उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है." वहीं दूसरे यूजर ने टिप्पणी की, "सड़क की हालत देखकर लग रहा है कि इंजीनियर नहीं, सर्जन बुलाए गए हैं."
कुछ लोगों ने इसे जुगाड़ बताते हुए लिखा कि सड़क में टांके लगाना भी एक नया आविष्कार है. वहीं कुछ यूजर्स ने सड़क निर्माण और मरम्मत की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता को स्थायी समाधान चाहिए, सिर्फ मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति नहीं.
गौरतलब है कि बिहार में समय-समय पर सड़कों के टूटने, पुल-पुलियों के क्षतिग्रस्त होने की खबरें सामने आती रहती हैं. वायरल वीडियो में जिस तरह से सड़क की मरम्मत दिखाई जा रही है, उसे लेकर सोशल मीडिया पर कई सवाल उठ रहे हैं.
#Bihar #BiharNews #ViralVideo
0 टिप्पणियाँ