छपरा में 24 और 28 जून को होने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे.
#छपरा, 22 जून | केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित विशेष शाखा सिपाही भर्ती परीक्षा एवं बिहार पुलिस दूरसंचार सिपाही प्रचालक भर्ती परीक्षा को लेकर छपरा जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग की.
जिले में 24 जून 2026 को आयोजित विशेष शाखा सिपाही भर्ती परीक्षा में 16 परीक्षा केंद्रों पर 8,404 अभ्यर्थी शामिल होंगे. वहीं 28 जून 2026 को बिहार पुलिस दूरसंचार एवं तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही प्रचालक पद के लिए होने वाली परीक्षा में 20 केंद्रों पर 10,464 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे.
परीक्षा केंद्रों पर रहेगी कड़ी निगरानी
प्रशासन ने शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के लिए सभी केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की है. इसके अलावा जोनल दंडाधिकारी, उड़नदस्ता टीम और पुलिस पदाधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों की निगरानी करेंगे.
सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी लाइव निगरानी, वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था रहेगी. परीक्षा केंद्रों पर जैमर भी लगाए जाएंगे.
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रोक
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सघन जांच से गुजरना होगा. मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी.
500 गज की परिधि में निषेधाज्ञा लागू
परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के 500 गज की सीमा में BNSS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी.
जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया है.
जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर: 06152-242444 रहेगा, जहां किसी भी आपात स्थिति में संपर्क किया जा सकता है.
#Chapra #Saran #SaranPolice #PoliceExam

0 टिप्पणियाँ