छपरा में डबल मर्डर केस के गवाह की गोली मारकर हत्या, अधिवक्ता पिता-पुत्र हत्याकांड में था अहम गवाह
#छपरा, 29 जून | सारण के छपरा में चर्चित अधिवक्ता राम अयोध्या राय और उनके पुत्र सुनील कुमार राय हत्याकांड के गवाह पंकज कुमार राय की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में रविवार-सोमवार की रात हुई, जब पंकज भोज से लौट रहे थे. हमले में उनके भाई मनीष कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है.
सारण पुलिस के अनुसार, रात करीब 12:20 बजे मेथवलिया चौक से चनचौर जाने वाली सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त बाइक की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने पंकज राय और मनीष कुमार को घायल अवस्था में पाया. दोनों को सदर अस्पताल छपरा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने पंकज राय को मृत घोषित कर दिया. पुलिस जांच में गोली लगने से मौत की बात सामने आई है.
2024 के चर्चित अधिवक्ता हत्याकांड के गवाह थे पंकज राय
पंकज राय साल 2024 में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में हुए अधिवक्ता राम अयोध्या राय और उनके बेटे अधिवक्ता सुनील कुमार राय हत्याकांड के अहम गवाह थे. पुलिस के मुताबिक, उनकी गवाही न्यायालय में पुलिस सुरक्षा के बीच कराई गई थी और सुरक्षा के लिए निगरानी भी रखी जा रही थी.
हत्या की जांच के लिए SIT गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए सारण पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है. एसपी और सदर-1 एसडीपीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए हैं. पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़े: सारण डीपीओ अजीत अमर पर
पुलिस ने बताया कि घायल मनीष कुमार से मिली जानकारी के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
गवाह की हत्या से इलाके में सनसनी
चर्चित हत्याकांड के गवाह की हत्या के बाद छपरा में सनसनी फैल गई है. पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती हत्या की वजह और अपराधियों तक पहुंचना है. जांच एजेंसियां मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही हैं.
सारण पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
#Chapra #Saran #DoubleMurderCase #ChhapraMurderCase #Crime

0 टिप्पणियाँ