Advertisement

छपरा में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में हुआ भव्य योगाभ्यास

छपरा में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में योगाभ्यास, 432 लोगों ने लिया हिस्सा

#छपरा, 21 जून | 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दर्शन नगर, छपरा में योग जागरूकता एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के उपाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद यादव, सचिव सुरेश प्रसाद सिंह एवं प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की.

Chhapra Saraswati Shishu Vidya Mandir Yoga Practice

योग का महत्व

योग प्रशिक्षक संगीता कुमारी एवं विशाल कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया. इस दौरान योग के महत्व और नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी गई.

योग भारत की प्राचीन धरोहर, सकारात्मक ऊर्जा का स्त्रोत

विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के उपाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद यादव ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहने के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है. वहीं सचिव सुरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है. योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की प्रभावी पद्धति है.

उन्होंने सभी लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की. कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक समेत करीब 432 लोग उपस्थित रहे.

Chhapra Saraswati Shishu Vidya Mandir International Yoga Day 2026

कार्यक्रम के दौरान पूरे विद्यालय परिसर में अनुशासन, उत्साह और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देखने को मिला. कार्यक्रम का समापन प्रधानाचार्य विनोद कुमार के धन्यवाद ज्ञापन एवं शांति मंत्र के साथ हुआ.

#Chapra #Saran #YogaDay

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ