छपरा में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का किया निरीक्षण, बच्चों की बेहतर देखभाल के दिए निर्देश
#छपरा, 28 जून | सारण के जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने शनिवार को समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत जिला बाल संरक्षण इकाई, छपरा द्वारा संचालित विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान (Specialised Adoption Agency) का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने संस्थान में रह रहे बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया.
साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, भोजन की समीक्षा
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने संस्थान में बच्चों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, भोजन, स्वास्थ्य देखभाल, रहने की व्यवस्था और समग्र प्रबंधन की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि संस्थान में रहने वाले प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए.
यह भी पढ़े : छपरा से पटना ट्रेन की मांग के लिए सांसद ने लिखा रेलमंत्री को पत्र
जिलाधिकारी ने कहा कि बाल संरक्षण से जुड़े संस्थानों में बच्चों की देखभाल और उनके सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जानी चाहिए. उन्होंने बच्चों के पोषण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, शिक्षा, मानसिक विकास और भावनात्मक सहयोग से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने संस्थान के अभिलेखों, बच्चों से संबंधित रिकॉर्ड और संचालन व्यवस्था की भी समीक्षा की. जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी आवश्यक दस्तावेज और रिकॉर्ड समय-समय पर अपडेट रखे जाएं, ताकि संस्थान का संचालन सुव्यवस्थित तरीके से हो सके.
प्रशासन द्वारा निगरानी और व्यवस्थाओं की होती है समीक्षा
विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में देखभाल पाने वाले बच्चों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी और व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाती है.
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों के हित में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और संस्थान में सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराई जाएं.
निरीक्षण के दौरान जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी सहित संबंधित विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
#Chapra #Saran #ChildProtection

0 टिप्पणियाँ