मढ़ौरा-छपरा-पटना मेमू ट्रेन को लेकर सांसद रुडी ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, सारण के करीब एक करोड़ लोगों को मिलेगा फायदा, सुबह-शाम मेमू सेवा शुरू करने का आग्रह
#छपरा, 27 जून | कई वर्षों से बहुप्रतीक्षित सारण क्षेत्र के लाखों दैनिक यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा देने की मांग अब रेल मंत्रालय तक पहुंच गई है. सारण के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी ने मढ़ौरा-छपरा-पटना रेलखंड पर नियमित मेमू (MEMU) ट्रेन सेवा शुरू करने के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है.
एक करोड़ लोगों को मिलेगा लाभ
सांसद रुडी ने अपने पत्र में कहा है कि सारण प्रमंडल की लगभग एक करोड़ आबादी, विशेषकर सारण जिले के करीब 70 लाख लोगों के लिए मढ़ौरा से छपरा होते हुए पटना तक मेमू ट्रेन सेवा बेहद आवश्यक है. इस सेवा के शुरू होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और रोजाना पटना आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी.
उन्होंने पत्र में 19 जून 2026 को छपरा जंक्शन पर छपरा-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस के उद्घाटन कार्यक्रम का भी उल्लेख किया है. सांसद ने बताया कि उस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भी मढ़ौरा-छपरा-पटना के बीच मेमू ट्रेन चलाने की मांग रेल मंत्री के सामने रखी थी.
लंबे समय से लोगों की मांग
सांसद रुडी ने कहा कि हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ विशेष निरीक्षण ट्रेन से पटना, छपरा और मढ़ौरा की यात्रा के दौरान भी उन्होंने इस रेल सेवा की आवश्यकता को उठाया था. उन्होंने बताया कि मढ़ौरा से छपरा होते हुए पटना तक मेमू ट्रेन शुरू होने से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जनआकांक्षा पूरी होगी.
पत्र में सांसद ने पूर्वोत्तर रेलवे (NER) और पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के महाप्रबंधकों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर जल्द ट्रेन संचालन की योजना बनाने का आग्रह किया है. उन्होंने सुझाव दिया है कि ट्रेन सुबह के समय मढ़ौरा से पटना के लिए चले और शाम को उसी मार्ग से वापस लौटे, जिससे दैनिक यात्रियों को नियमित सुविधा मिल सके.
सड़क जाम और अधिक किराये से मिलेगी राहत
उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से सड़क मार्ग पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलेगी. खासकर पटना आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी और क्षेत्र के शैक्षणिक, औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी.
मेमू ट्रेन सेवा की मांग को लेकर सांसद रुडी ने उम्मीद जताई है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे विस्तार और जनसुविधाओं को बढ़ाने की नीति के तहत सारण की इस महत्वपूर्ण मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा.
मढ़ौरा-छपरा-पटना मेमू ट्रेन की मांग अब केवल स्थानीय मांग नहीं रह गई है, बल्कि यह सारण क्षेत्र की बड़ी परिवहन जरूरत बन चुकी है.
यह भी पढ़े: छपरा से नई दिल्ली के लिए नई ट्रेन
इस रेल मार्ग पर मेमू ट्रेन सेवा की मांग का मुख्य कारण इस रूट पर रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों की जरूरत है. वर्तमान में सारण क्षेत्र से बड़ी संख्या में विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग, व्यवसायी और अन्य दैनिक यात्री पटना आते-जाते हैं. सड़क मार्ग से यात्रा करने में समय अधिक लगता है और यातायात दबाव के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. ऐसे में नियमित मेमू ट्रेन सेवा शुरू होने से लोगों को कम समय और कम खर्च में बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी.
मेमू ट्रेन की हीं मांग क्यों?
मेमू ट्रेन को खासतौर पर कम दूरी के सफर और अधिक संख्या में छोटे स्टेशनों को जोड़ने के लिए उपयोगी माना जाता है. इसमें अधिक स्टॉपेज होने के कारण आसपास के गांवों और छोटे कस्बों के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलता है. मढ़ौरा, छपरा और पटना के बीच ऐसी सेवा शुरू होने से रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह एक भरोसेमंद विकल्प बन सकता है.
औद्योगिक विकास के लिए होगा महत्वपूर्ण
रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से किसी भी क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति मिलती है. बेहतर रेल सुविधा से छात्रों को शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच आसान होगी, नौकरीपेशा लोगों को रोजगार के बेहतर अवसरों से जुड़ने में मदद मिलेगी और व्यापारियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी. साथ ही क्षेत्र के औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
सांसद राजीव प्रताप रुडी पहले भी सारण क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार प्रयास करते रहे हैं. नई ट्रेनों के संचालन, रेल सुविधाओं के विकास और यात्रियों की समस्याओं को लेकर वे समय-समय पर रेल मंत्रालय के समक्ष मांग उठाते रहे हैं. मढ़ौरा-छपरा-पटना मेमू ट्रेन की मांग भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है.
#RailwayNews #MEMUTrain #BiharNews #IndianRailways #SaranNews



0 टिप्पणियाँ