छपरा: महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार ने देश के असाधारण प्रतिभाशाली एवं बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 हेतु नामांकन आमंत्रित किए हैं. इच्छुक अभ्यर्थी एवं नामांकनकर्ता 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
यह पुरस्कार उन बच्चों को दिया जाता है जिन्होंने वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायक कार्य किया हो. पुरस्कार नई दिल्ली में आयोजित विशेष समारोह में भारत के राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाता है.
मंत्रालय द्वारा इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार शहरों के साथ-साथ गांवों, पंचायतों, प्रखंडों एवं आकांक्षी जिलों में भी किया जा रहा है. विशेष रूप से बालिकाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, कमजोर वर्गों तथा दिव्यांग बच्चों की उपलब्धियों को सामने लाने पर जोर दिया गया है.
पात्रता
- नामांकित बच्चे की आयु 31 जुलाई 2026 तक 5 वर्ष से अधिक एवं 18 वर्ष से कम होनी चाहिए।
- उम्मीदवार भारतीय नागरिक एवं भारत का निवासी होना चाहिए।
कौन कर सकता है आवेदन
बच्चा स्वयं आवेदन कर सकता है। इसके अलावा माता-पिता, अभिभावक, शिक्षक, अधिकारी अथवा अन्य व्यक्ति भी किसी योग्य बच्चे का नामांकन कर सकते हैं. राज्य सरकारें, केंद्र शासित प्रदेश, जिला प्रशासन, पंचायती राज संस्थाएं, शहरी स्थानीय निकाय एवं शैक्षणिक संस्थान भी नामांकन भेज सकते हैं.
आवेदन प्रक्रिया
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे. इच्छुक अभ्यर्थी राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं: awards.gov.in
महत्वपूर्ण तिथियां
- जिला स्तर से अनुशंसा सूची उपलब्ध कराने की अंतिम तिथि: 30 जून 2026
- ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 31 जुलाई 2026
प्रशासन ने आम जनता, शिक्षकों एवं स्थानीय निकायों से अपील की है कि वे अपने आसपास की असाधारण प्रतिभाओं एवं बहादुर बच्चों की पहचान कर समय सीमा के भीतर उनका नामांकन सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और पहचान मिल सके.

0 टिप्पणियाँ