अररिया में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान, मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट और सहयोग शिविरों पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं
अररिया | मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड स्थित हरिपुर पंचायत सरकार भवन परिसर में आयोजित सहयोग शिविर में भाग लेकर राज्य सरकार की जनसमस्या समाधान व्यवस्था और विकास योजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है, ताकि प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय और सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सके।
4.25 लाख से अधिक आवेदनों का हुआ निष्पादन
मुख्यमंत्री ने बताया कि सहयोग शिविरों में अब तक 4.53 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 4.25 लाख से अधिक मामलों का सफल निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने घोषणा की कि अब हर महीने के दूसरे मंगलवार को पटना में मुख्यमंत्री स्तर पर उन मामलों की समीक्षा होगी, जिनका समाधान नहीं हो पाया है या जिन पर आवेदकों को आपत्ति है।
स्टेट हाईवे पर केवल कॉमर्शियल वाहनों से लगेगा टोल
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि बिहार के स्टेट हाईवे पर केवल व्यावसायिक (कॉमर्शियल) वाहनों से ही टोल टैक्स लिया जाएगा, जिससे आम नागरिकों और निजी वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
यह भी पढ़े : बिहार में बड़ा ऎलान: अब स्टेट हाई वे पर केवल काॅमर्शियल वाहनों से उसला जाएगा टोल टैक्स
सीमांचल के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
उन्होंने कहा कि गोरखपुर–सिलीगुड़ी फोरलेन और कोसी–मेची परियोजना के पूरा होने से सीमांचल क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही सरकार अपराधियों और अवैध घुसपैठियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्ती से कार्रवाई कर रही है।
अररिया में मेडिकल कॉलेज, फारबिसगंज में एयरपोर्ट का ऐलान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि अररिया में जल्द मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा फारबिसगंज में एयरपोर्ट का निर्माण भी कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य, रोजगार, निवेश और आवागमन की सुविधाओं को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
(नोट: मेडिकल कॉलेज और एयरपोर्ट की घोषणा सरकार द्वारा की गई है। इन परियोजनाओं का निर्माण संबंधित प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियों के बाद होगा।)
#Arariya #Bihar #SahyogShivir #SamratChoudhary

0 टिप्पणियाँ