सारण में 'एक शाम बशीर बद्र के नाम' का आयोजन, उर्दू साहित्य से युवाओं को जोड़ने पर दिया गया जोर
छपरा, 08 जुलाई | सारण जिला उर्दू भाषा कोषांग के तत्वावधान में समाहरणालय परिसर में प्रसिद्ध शायर बशीर बद्र की स्मृति में "एक शाम बशीर बद्र के नाम" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी सह उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल ने की।
अपने संबोधन में जावेद इकबाल ने कहा कि बशीर बद्र ने अपनी सहज, संवेदनशील और प्रभावशाली शायरी के माध्यम से प्रेम, इंसानियत, सौहार्द और मानवीय रिश्तों की खूबसूरती को अमर बना दिया। उन्होंने कहा कि बशीर बद्र की ग़ज़लें आज भी भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में समान रूप से लोकप्रिय हैं और उनके शेर हर वर्ग के लोगों की जुबान पर हैं।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को उर्दू भाषा और साहित्य से जोड़ने के लिए इस तरह की साहित्यिक गोष्ठियां बेहद जरूरी हैं। ऐसे आयोजन युवाओं में अध्ययन की रुचि, भाषा के प्रति प्रेम और साहित्यिक चेतना विकसित करते हैं। उन्होंने उर्दू को गंगा-जमुनी तहज़ीब की प्रतिनिधि भाषा बताते हुए इसके संरक्षण और प्रचार-प्रसार को सभी की साझा जिम्मेदारी बताया।
जावेद इकबाल ने कहा कि समय के साथ बशीर बद्र की शायरी और अधिक प्रासंगिक होती जा रही है। उनकी रचनाओं में प्रेम, उम्मीद, अकेलापन, विस्थापन और जीवन के विभिन्न पहलुओं का बेहद प्रभावशाली चित्रण मिलता है, जो उन्हें आधुनिक उर्दू शायरी के सबसे प्रतिष्ठित रचनाकारों में शामिल करता है।
कार्यक्रम में मेहदी शाह ने बशीर बद्र की शैली और आवाज़ में उनकी रचनाओं की प्रस्तुति देकर श्रोताओं की खूब सराहना बटोरी। वहीं कृष्ण मेनन ने अपनी मधुर आवाज़ में उनकी ग़ज़लें प्रस्तुत कर माहौल को भावपूर्ण बना दिया।
यह भी पढ़े : सारण जिलाधिकारी ने किया सदर अस्पताल का निरीक्षण, दिए कई बड़े निर्देश
इस अवसर पर आयोजित काव्य गोष्ठी में डॉ. मुअज्ज़म अज़्म, प्रो. मजहर किबरिया, प्रो. शकील अनवर, प्रो. शमीम परवेज़, दक्ष निरंजन शंभू, मोईज बहमन बरवी सहित कई साहित्यकारों और कवियों ने अपने अशआर प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में डॉ. मुअज्ज़म अज़्म, प्रो. मजहर किबरिया, प्रो. अलाउद्दीन ख़ान, प्रो. देवेंद्र सिंह, प्रो. शमीम परवेज़, डॉ. अब्दुस्समद भयंकर, मोईज बहमन बरवी, जुनैद मीर, प्रो. शकील अनवर, अमीन अंजुम, रिपंजय निशांत, अफरोज हैदर, दक्ष निरंजन शंभू, कविंदर कुमार कवि, मोहम्मद हाशिम, नसर इकबाल, डॉ. वलीउल्लाह कादरी, तारिक, मो. हारून सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।
#BashirBadr #UrduSahitya #SaranNews #UrduLanguage #LiteraryEvent #Mushaira

0 टिप्पणियाँ