Advertisement

छपरा: ASI (ऑपरेटर) परीक्षा 22 जुलाई को, 20 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

छपरा में 22 जुलाई को ASI (ऑपरेटर) प्रारंभिक परीक्षा, 20 केंद्रों पर 9,321 अभ्यर्थी होंगे शामिल

छपरा में ASI (ऑपरेटर) प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी और एसएसपी

छपरा, 21 जुलाई|बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC), पटना द्वारा आयोजित सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक/ऑपरेटर) पद की प्रारंभिक लिखित परीक्षा 22 जुलाई 2026 को सारण जिला मुख्यालय के 20 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा में 9,321 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा का आयोजन एक पाली में पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक होगा, जबकि अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे तक रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।

परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और अन्य प्रतिनियुक्त अधिकारियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने दिए ये निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा पूरी तरह कदाचारमुक्त, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए। उन्होंने दस्तावेजों की जांच में विशेष सावधानी बरतने, परीक्षा केंद्रों पर आने वाले फोटोग्राफर एवं वीडियोग्राफर की भी शारीरिक जांच कराने तथा परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों को पूरी तरह सैनिटाइज करने का निर्देश दिया।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर आयोग की ओर से अभ्यर्थियों के बायोमैट्रिक फिंगरप्रिंट एवं फोटोग्राफी की व्यवस्था की गई है। बिना ई-प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।

छपरा में ASI (ऑपरेटर) प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा बैठक में उपस्थित पदाधिकारी

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी-सह-प्रेक्षक, पुलिस पदाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दंडाधिकारी एवं सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचेंगे और परीक्षा समाप्त होने तक विधि-व्यवस्था बनाए रखेंगे।

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पुलिस पदाधिकारी परीक्षा केंद्रों का लगातार भ्रमण कर परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न कराना सुनिश्चित करेंगे।

यह भी पढ़े : सारण: CMR आपूर्ति 93.59% पर अटकी, डीएम ने राइस मिलों व पैक्स को दी कार्रवाई की चेतावनी

इन वस्तुओं पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

परीक्षार्थियों की मुख्य द्वार पर ही शारीरिक जांच के बाद प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा कक्ष के अंदर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, पेजर, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, चिट, चाकू, माचिस, ब्लेड सहित किसी भी प्रतिबंधित सामग्री को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

यह भी पढ़े: सारण में स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियां शुरू, राजेंद्र स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह

500 गज क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू

परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी।

कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय

परीक्षा के सफल संचालन के लिए अनुमंडल कार्यालय सदर, छपरा परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। इसका दूरभाष नंबर 06152-242444 है। नियंत्रण कक्ष 22 जुलाई को सुबह 7:30 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक कार्यरत रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ