छपरा में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री का पुतला दहकी।
छपरा, 23 जुलाई | सारण जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में गुरुवार को छपरा शहर में विरोध प्रदर्शन और आक्रोश मार्च निकाला गया। कांग्रेस ने कहा कि यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए घटनाक्रम, कथित नीट पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली तथा राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत अन्य कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ता म्युनिसिपल चौक से थाना चौक तक मार्च निकालते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। इसके बाद आयोजित सभा में सारण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. शंकर चौधरी ने कहा कि छात्र-युवाओं के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और नीट पेपर लीक जैसे मामलों पर सरकार जवाब देने से बच रही है।
यह भी पढ़े: छपरा में पुलिस रेडियो एएसआई परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस से कथित नकल का प्रयास, चार गिरफ्तार
डॉ. चौधरी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि छात्र-युवाओं पर दर्ज मामलों को वापस लिया जाए और गिरफ्तार लोगों को रिहा किया जाए। उन्होंने पटना स्थित कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट की घटना की भी निंदा की।
यह भी पढ़े : छपरा: छात्रा से कथित अश्लील चैटिंग मामले में शिक्षक गिरफ्तार, स्कूल ने किया निलंबित
प्रदर्शन में ओबीसी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हरेश यादव, कन्हैया गिरी, डॉ. ब्रजेंद्र सिंह आजाद, मनोज कुमार सिंह अधिवक्ता, अब्दुल कादिर खान, फिरोज इकबाल, राहुल कुमार यादव, यासिन आजाद, कुमार विशाल सिंह, अतुल कुमार, शशिभूषण सिंह, मणिकांत सिंह, संदीप रौशन, फैसल अनवर, शैलेश यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ