छपरा में पुलिस रेडियो एएसआई परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस से कथित नकल का प्रयास, एक परीक्षार्थी समेत चार गिरफ्तार
छपरा, 23 जुलाई | बिहार पुलिस रेडियो (वितंतु) में सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक) पद की लिखित परीक्षा के दौरान ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए कथित तौर पर नकल कराने के प्रयास का सारण पुलिस ने खुलासा किया है। भगवानबाजार थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक परीक्षार्थी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में बिहार लोक परीक्षा अधिनियम, 2024 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) द्वारा आयोजित परीक्षा के दौरान भगवानबाजार थाना क्षेत्र स्थित राजेंद्र कॉलेजिएट +2 विद्यालय परीक्षा केंद्र पर जांच के दौरान परीक्षार्थी रूपेश कुमार के पास से प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक ब्लूटूथ डिवाइस बरामद किया गया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गयी।
यह भी पढ़ें : छपरा: छात्रा से कथित अश्लील चैटिंग मामले में शिक्षक गिरफ्तार, स्कूल ने किया निलंबित
जांच के दौरान केंद्राधीक्षक एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा ड्यूटी पर तैनात दो बायोमेट्रिक सुपरवाइजर और एक जैमर कर्मी की कथित संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इस मामले में भगवानबाजार थाना कांड संख्या 593/2026 दर्ज किया गया है। आरोपितों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4), 223, 341(1), 61(2) तथा बिहार लोक परीक्षा अधिनियम, 2024 की संबंधित धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- रूपेश कुमार, पिता– धनेश्वर राय, निवासी– सकरौढ़, थाना– कोइलवर, जिला– भोजपुर।
- हैप्पी कुमार, पिता– सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता, निवासी– सरकारी बाजार, थाना– नगर, जिला– सारण।
- प्रियांशु कुमार गुप्ता, पिता– दीपक प्रसाद, निवासी– बड़ा तेलपा, थाना– नगर, जिला– सारण।
- उत्सव कुमार, पिता– राजन कुमार, निवासी– गोना चौक, थाना– नगर, जिला– सारण।
बरामद सामान
- एक इलेक्ट्रॉनिक ब्लूटूथ डिवाइस
- एक आधार कार्ड
- एक प्रवेश पत्र
सारण पुलिस ने बताया कि जब्त ब्लूटूथ डिवाइस की तकनीकी जांच कराई जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि डिवाइस परीक्षा केंद्र तक कैसे पहुंचा और इस मामले में अन्य लोगों या किसी संगठित गिरोह की भूमिका है या नहीं। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : छपरा के सारण पुस्तकालय को मिलेगा नया स्वरूप, डीएम ने निरीक्षण कर दिए कई अहम निर्देश

0 टिप्पणियाँ