पहली बारिश के बाद समीक्षा बैठक, सभी जलजमाव वाले स्थानों पर हाई पावर पंप लगाने और जरूरत पड़ने पर कच्चा नाला काटने के निर्देश
छपरा, 11 जुलाई | छपरा में जलजमाव की समस्या को देखते हुए सारण जिलाधिकारी आज सख्त दिखे. उन्होंने समीक्षा बैठक करते हुए संबधित अधिकारियों को त्वरित जल निकासी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि मानसून के दौरान किसी भी स्थान पर लंबे समय तक जलजमाव की स्थिति नहीं रहनी चाहिए.
समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त, छपरा नगर निगम एवं उनकी टीम, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जोनवार प्रतिनियुक्त पदाधिकारी, बुडको के परियोजना निदेशक एवं उनकी टीम, पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता तथा पथ प्रमंडल, छपरा के सहायक अभियंता मौजूद रहे.
जिलाधिकारी ने पहली बारिश के बाद चिह्नित जलजमाव वाले स्थलों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रभावित क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में उच्च क्षमता वाले वाटर पंप उपलब्ध कराए जाएं. साथ ही जहां आवश्यकता हो, वहां जल निकासी के लिए कच्चा नाला काटने की कार्रवाई भी तत्काल की जाए.
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जल निकासी की व्यवस्था प्रभावी होनी चाहिए ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और शहर में लंबे समय तक पानी जमा न रहे.
यह भी पढ़े : 100 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की आयुक्त ने की समीक्षा, समय पर पूरा करने का निर्देश
बैठक में सड़क मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की गयी. जिलाधिकारी ने पथ प्रमंडल को सांढा ढाला से जगदम कॉलेज तक तथा ब्रह्मपुर पुल से काशी बाजार तक मुख्य सड़क की तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया, ताकि बरसात के मौसम में आवागमन सुचारु बना रहे.
प्रशासन ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लगातार निगरानी रखने और जलजमाव की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
#Chapra #Saran #DMSaran #Mansoon

0 टिप्पणियाँ