वीडियो साझा कर अरविंद केजरीवाल ने E20 से गाड़ियों में खराबी और माइलेज घटने का किया दावा, केंद्र से नीति पर पुनर्विचार की मांग
नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल और एथनॉल मिश्रित ईंधन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि दिल्ली में कार मैकेनिकों और वाहन मालिकों से बातचीत के दौरान उन्हें E20 के कारण गाड़ियों में खराबी और माइलेज में गिरावट की शिकायतें मिलीं।
केजरीवाल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "ये वीडियो ज़रूर देखें… कल मैंने दिल्ली में कुछ कार मैकेनिकों और गाड़ी मालिकों से Ethanol पर बात की। E20 के कारण ख़राब हुई गाड़ियों की लाइन लगी हुई थी। गाड़ियों के माइलेज में भी भारी गिरावट है। सब परेशान हैं।"
उन्होंने आगे केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि- "मोदी सरकार को समझना होगा कि टीवी पर झूठे इंटरव्यू देने और फर्जी प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से ज़मीनी हक़ीक़त नहीं बदल जाएगी। लोगों पर E20 थोपना बंद करिए। अब पानी मिडिल क्लास के सिर से ऊपर जा रहा है।"
यह भी पढ़े : छपरा में जल जमाव पर जिलाधिकारी सख्त, मानसून के दौरान जल निकासी की त्वरित कारवाई के दिए निर्देश
बता दें कि E20 और एथनॉल मिश्रित ईंधन का मुद्दा हाल के दिनों में वाहन मालिकों और ऑटोमोबाइल क्षेत्र से जुड़े लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इसी क्रम में केजरीवाल ने दिल्ली में कार मैकेनिकों और वाहन मालिकों से बातचीत का वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि उन्हें E20 के कारण गाड़ियों में खराबी और माइलेज में कमी की शिकायतें मिलीं। उन्होंने इन अनुभवों के आधार पर केंद्र सरकार से E20 नीति पर पुनर्विचार करने और लोगों की चिंताओं पर ध्यान देने की मांग की।
वहीं, केंद्र सरकार चरणबद्ध तरीके से एथनॉल मिश्रित ईंधन को बढ़ावा दे रही है। सरकार का कहना है कि इससे कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम होगी, किसानों को लाभ मिलेगा और प्रदूषण में कमी लाने में मदद मिलेगी। वाहन निर्माताओं द्वारा भी E20-अनुकूल (E20 Compatible) वाहनों के उपयोग पर जोर दिया जा रहा है।
हालांकि, E20 के कारण गाड़ियों में खराबी और माइलेज में गिरावट संबंधी दावे अरविंद केजरीवाल द्वारा किए गए हैं। इस संबंध में उनकी सोशल मीडिया पोस्ट पर केंद्र सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
#E20 #Ethanol #Petrol #ModiSarkar #ArvindKejriwal #AAP

0 टिप्पणियाँ