Advertisement

कारा सुधार समिति से हटाए नहीं गए, मैंने खुद दिया था इस्तीफा: MLC राजीव कुमार

कारा सुधार समिति से हटाए नहीं गए, मैंने खुद दिया था इस्तीफा: MLC राजीव कुमार उर्फ गप्पू बाबू

पटना, 08 जुलाई | बिहार विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) राजीव कुमार ने कारा सुधार समिति के अध्यक्ष पद को लेकर सोशल मीडिया और कुछ मीडिया प्लेटफॉर्म पर चल रही चर्चाओं के बीच अपनी स्थिति स्पष्ट की है। 

कारा सुधार समिति से इस्तीफे और भ्रामक खबरों पर सोशल मीडिया पोस्ट साझा करते हुए एमएलसी राजीव कुमार

उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक विस्तृत पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उन्हें कारा सुधार समिति के अध्यक्ष पद से हटाया नहीं गया था, बल्कि उन्होंने स्वयं इस पद से इस्तीफा दिया था।

राजीव कुमार ने अपने पोस्ट के साथ 15 जून 2026 को बिहार विधान परिषद के सभापति को भेजे गए अपने त्यागपत्र की प्रति भी साझा की है। त्यागपत्र में उन्होंने लिखा है कि संगठनात्मक दायित्वों और अन्य सार्वजनिक कार्यों में अत्यधिक व्यस्त रहने के कारण वह समिति के अध्यक्ष के रूप में अपने दायित्वों का अपेक्षित समय और समर्पण के साथ निर्वहन नहीं कर पा रहे थे। इसी कारण उन्होंने स्वेच्छा से पदमुक्त किए जाने का अनुरोध किया था।

समिति बंद होने के फैसले को निजी मामले से जोड़ना बताया भ्रामक

सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में राजीव कुमार ने कहा कि हाल के दिनों में कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और तथाकथित न्यूज़ चैनलों द्वारा बिना किसी सत्यापन के उनके निजी जीवन से जुड़े विषयों पर भ्रामक और तथ्यहीन समाचार प्रसारित किए जा रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके त्यागपत्र के करीब 10 दिन बाद माननीय सभापति द्वारा दो समितियों को बंद करने का प्रशासनिक निर्णय लिया गया। ऐसे में इस प्रशासनिक निर्णय को उनके व्यक्तिगत विषय से जोड़कर समाचार प्रसारित करना पूरी तरह अनुचित, भ्रामक और तथ्यहीन है।

कारा सुधार समिति से इस्तीफे का पत्र साझा करते हुए एमएलसी राजीव कुमार

फर्जी खबरें फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग

राजीव कुमार ने गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बिना तथ्य और प्रमाण के झूठी एवं भ्रामक खबरें प्रसारित करने वाले व्यक्ति, पत्रकार, न्यूज़ पोर्टल अथवा सोशल मीडिया माध्यमों के विरुद्ध विधिसम्मत एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

यह भी पढ़े :बिहार में बड़ा ऎलान, स्टेट हाईवे पर सिर्फ काॅमर्शियल वाहनो से वसूला जाएगा टोल टैक्स

पत्रकारिता की जिम्मेदारी निभाने की अपील

राजीव कुमार ने कहा कि किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना प्रत्येक पत्रकार और मीडिया संस्थान की नैतिक एवं कानूनी जिम्मेदारी है। किसी व्यक्ति के निजी जीवन को अनावश्यक रूप से समाचार बनाकर उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और छवि को नुकसान पहुंचाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान होना चाहिए, लेकिन किसी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने, झूठी खबरें फैलाने और व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करेगा।

#RajivKumar #BiharMLC #BiharPolitics #KaraSudharSamiti #Resignation #FakeNews #BiharNews #Gopalganj #FactCheck

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ