सारण पुलिस ने अंतरजिला लूटपाट गिरोह का किया पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार
छपरा, 17 जुलाई | सारण पुलिस की मकेर थाना पुलिस ने लिफ्ट देने के बहाने यात्रियों से ठगी एवं लूटपाट करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कार, एक चाकू, तीन मोबाइल फोन, चार लिफाफे, दो आधार कार्ड तथा ₹8,600 नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण एवं वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 16 जुलाई 2026 को मकेर थाना पुलिस गौरी टोला तिमुहानी के समीप वाहन जांच कर रही थी। जांच के दौरान एक कार में बैठे व्यक्ति के साथ संदिग्ध गतिविधि एवं मारपीट होती देख पुलिस ने वाहन को रोककर उसमें सवार सभी लोगों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान पीड़ित ललन मंडल ने बताया कि वह सोनहो चौक से अपने गंतव्य के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कार चालक ने उन्हें लिफ्ट देने का झांसा देकर कार में बैठा लिया। कुछ दूरी तय करने के बाद कार में बैठे अन्य लोगों ने स्वयं को कूरियर एवं पार्सल कंपनी का कर्मचारी बताते हुए वाहन चेकिंग के नाम पर रुपये की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें डराकर उनके पास मौजूद नकदी छीन ली।
यह भी पढ़े : कृषि भूमि बेचने से पहले परिवार को देना होगा पहला मौका: सुप्रीम कोर्ट
जांच में पुलिस को पता चला कि यह अंतरजिला गिरोह राहगीरों को लिफ्ट देने के बहाने अपने वाहन में बैठाता था। इसके बाद चेकिंग का भय दिखाकर यात्रियों से नकदी, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान ठगने एवं लूटने की वारदात को अंजाम देता था।
गिरफ्तार आरोपी
- शत्रुध्न सहनी, निवासी रघुनाथपुर, थाना तुरकौलिया, जिला पूर्वी चंपारण
- दीपक कुमार, निवासी कोटवा, जिला पूर्वी चंपारण
- विकास कुमार राय, निवासी नगवा ओपी क्षेत्र, जिला खगड़िया
बरामद सामान
- घटना में प्रयुक्त कार
- एक चाकू
- तीन मोबाइल फोन
- चार लिफाफे
- दो आधार कार्ड
- ₹8,600 नकद
पुलिस ने इस मामले में मकेर थाना कांड संख्या 215/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जा रहा है। मामले में आगे की जांच एवं विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।


0 टिप्पणियाँ