Advertisement

पटना में मोमो दुकानों पर छापेमारी, 22 किलो सड़ा चिकन बरामद

पटना के द मोमोज कैफे में मिला 22 किलो सड़ा चिकन, दो दिन बंद; वाउ मोमो में 21 लीटर जला तेल नष्ट

सिटी मोमो सेंटर में भी मिलीं अनियमितताएं, मोमो के निर्माण और बिक्री पर लगाई गई रोक

पटना में मोमो दुकानों पर छापेमारी के दौरान मिला 22 किलो सड़ा चिकन व अन्य का फोटो

पटना। राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले मोमो प्रतिष्ठानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में संचालित तीन प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कांटी फैक्ट्री रोड स्थित ‘द मोमोज कैफे’ में 22 किलो सड़ा हुआ चिकन मिला, जिसे मौके पर नष्ट कराया गया। वहीं, सिटी सेंटर मॉल स्थित ‘वाउ मोमो एंड वाउ चाइना’ में 21 लीटर जला हुआ खाद्य तेल नष्ट किया गया। इसके अलावा मोगलपुरा स्थित ‘सिटी मोमो सेंटर’ में मोमो के निर्माण और बिक्री पर रोक लगा दी गई।

द मोमोज कैफे में मिली गंभीर गड़बड़ियां

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कांटी फैक्ट्री रोड स्थित ‘द मोमोज कैफे’ का निरीक्षण किया। इस दौरान किचन में काफी गंदगी मिली और साफ-सफाई की व्यवस्था निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। जांच में 22 किलो सड़ा हुआ चिकन मिलने पर उसे मौके पर नष्ट कराया गया।

निरीक्षण में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली। तैयार नॉनवेज खाद्य पदार्थों पर निर्माण तिथि भी अंकित नहीं थी। प्रतिष्ठान का डीप फ्रीजर गंदा मिला और उसमें तापमान प्रदर्शित करने की व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा लाइसेंस की प्रति प्रदर्शित नहीं की गई थी तथा आवश्यक रिकॉर्ड भी अद्यतन नहीं मिले।

इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की। विभागीय कार्रवाई के तहत प्रतिष्ठान को दो दिनों के लिए बंद किया गया।

सिटी मोमो सेंटर में निर्माण और बिक्री पर रोक

जांच अभियान के दौरान पटना सिटी के मोगलपुरा स्थित ‘सिटी मोमो सेंटर’ में भी कई कमियां पाई गईं। प्रतिष्ठान बिना वैध खाद्य अनुज्ञप्ति के संचालित हो रहा था। कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं थे और खाद्य सामग्री के भंडारण तथा साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली।

यहां शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक साथ तैयार की जा रही थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने संचालक को सात दिनों के भीतर वैध अनुज्ञप्ति प्राप्त करने का निर्देश दिया। तब तक प्रतिष्ठान में मोमो के निर्माण और बिक्री पर रोक लगा दी गई है।

वाउ मोमो में 21 लीटर जला तेल नष्ट

इसी क्रम में लोदीपुर स्थित सिटी सेंटर मॉल की तीसरी मंजिल पर संचालित ‘वाउ मोमो एंड वाउ चाइना’ का भी निरीक्षण किया गया। जांच में खाद्य तेल का बार-बार इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। टीम ने मौके पर 21 लीटर जला हुआ खाद्य तेल नष्ट कराया।

इसके अलावा ‘इंडो चिली सॉस बेस’ का नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और पानी की जांच से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। खाद्य सुरक्षा मानकों में कमियां पाए जाने पर प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया।

यह भी पढ़ें: छपरा: 80 पंचायतों में कबीर अंत्येष्टि का लाभ शून्य, जांच के आदेश

नोटिस में 14 दिनों के भीतर सभी कमियां दूर करने और 15वें दिन अनुपालन का प्रमाण संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय में कमियां दूर नहीं करने पर प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने और बाद में रद्द करने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

खाद्य संरक्षा इकाई के अनुसार, आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह जांच अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ