नहाय-खाय के साथ आज से शुरू होगा छठ महापर्व, 200 रुपये तक पहुंची लौकी की कीमत
कल होगा खरना, बाजारों में सजीं पूजन सामग्रियों की दुकानें; महंगाई के बावजूद खरीदारी को लेकर व्रतियों और श्रद्धालुओं में उत्साह
छपरा (सारण)। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो जाएगा। इसी के साथ चार दिवसीय छठ अनुष्ठान का शुभारंभ होगा। नहाय-खाय के दिन व्रती स्नान और घर की साफ-सफाई के बाद पूरी शुद्धता के साथ लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल का सात्विक भोजन ग्रहण करेंगे। इस दिन लौकी की विशेष मांग रहती है। मांग बढ़ने के कारण इसकी कीमत में भी उछाल देखने को मिला है। आम दिनों में 25 से 30 रुपये प्रति पीस मिलने वाली लौकी गुरुवार की शाम तक 200 रुपये प्रति पीस तक बिक रही थी।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार लौकी को शुद्ध और सात्विक भोजन का हिस्सा माना जाता है। इसे ग्रहण कर व्रती तन-मन की शुद्धता के साथ छठ व्रत का संकल्प लेते हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती पूरी निष्ठा और पवित्रता के साथ भगवान भास्कर और छठी मैया की उपासना करेंगे। पर्व का समापन सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने और पारण के साथ होगा।
छठ को लेकर शहर से लेकर गांव तक उत्सवी माहौल बनने लगा है। घरों, बाजारों, चौक-चौराहों, वाहनों और रेलवे स्टेशनों पर छठ के पारंपरिक लोकगीत गूंज रहे हैं। बाजारों में पूजन सामग्रियों की अस्थायी दुकानें सज गई हैं। फल, गन्ना, सूप, दउरा, नारियल, मिट्टी के बर्तन और अन्य पूजन सामग्रियों की खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। महंगाई के बावजूद व्रतियों और उनके परिजनों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है।
बिहार में विशेष रूप से प्रचलित छठ महापर्व अब देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों में भी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है। झारखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत देश के अलग-अलग राज्यों के अलावा नेपाल, मॉरीशस सहित कई देशों में भी छठ की परंपरा और आस्था का विस्तार हुआ है।
चार दिनों तक ऐसे होंगे छठ के अनुष्ठान
पहला दिन, शुक्रवार : नहाय-खाय
छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। इस दिन व्रती स्नान कर घर और रसोई की साफ-सफाई करते हैं। भोजन बनाने में विशेष शुद्धता और पवित्रता का ध्यान रखा जाता है। परंपरा के अनुसार व्रती लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल का सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। इसी के साथ चार दिवसीय छठ अनुष्ठान के नियमों का पालन शुरू हो जाता है।
दूसरा दिन, शनिवार : खरना
14 नवंबर को छठ का दूसरा दिन खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर, रोटी और फल का प्रसाद ग्रहण करते हैं। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है। इस दौरान वे अन्न और जल दोनों का त्याग कर कठिन व्रत का पालन करते हैं।
तीसरा दिन, रविवार : अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य
15 नवंबर को छठ का तीसरा और महत्वपूर्ण अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती परिवार के सदस्यों के साथ नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों पर बने छठ घाटों पर पहुंचेंगे। बांस अथवा पीतल के सूप में ठेकुआ, मौसमी फल, गन्ना और अन्य पारंपरिक प्रसाद सजाकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करेंगे। शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की मंगलकामना और खुशहाली की प्रार्थना की जाएगी।
यह भी पढ़ें: मांझी के रामघाट में हर साल मनेगा अटल उत्सव, पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
चौथा दिन, सोमवार : उदीयमान सूर्य को अर्घ्य और पारण
16 नवंबर को छठ महापर्व का समापन होगा। इस दिन व्रती सूर्योदय से पहले ही छठ घाटों पर पहुंच जाएंगे और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद छठी मैया की पूजा-अर्चना कर पारण के साथ लगभग 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन करेंगे। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न हो जाएगा।

0 टिप्पणियाँ