सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ वीडियो पोस्ट मामले में सारण पुलिस की कार्रवाई, एक महिला हिरासत में
सारण, 25 जुलाई | सोशल मीडिया पर कथित रूप से हिंसा और अशांति भड़काने वाला वीडियो प्रसारित करने के मामले में सारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान सामने आया मामला
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 24 जुलाई को साइबर थाना की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान फेसबुक पर संचालित एक प्रोफाइल से कथित रूप से आपत्तिजनक एवं भड़काऊ वीडियो प्रसारित किए जाने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, वीडियो में छात्रों एवं आम नागरिकों को विरोध-प्रदर्शन के लिए उकसाने जैसे संदेश प्रसारित किए जा रहे थे।
साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना, सारण ने उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों, वीडियो, स्क्रीनशॉट एवं अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर साइबर थाना कांड संख्या-122/26 दर्ज किया है।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 192, 353(1) एवं 351(4) तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 66 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एक महिला हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने मामले में एक महिला को हिरासत में लिया है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संबंधित महिला द्वारा वीडियो प्रसारित करने के उद्देश्य एवं मंतव्य की जांच की जा रही है। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े : पेपर लीक विवाद और सरकार की राजनीतिक परीक्षा | संपादकीय
पुलिस ने लोगों से की अपील
सारण पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, भ्रामक अथवा हिंसा को बढ़ावा देने वाली सामग्री का प्रसार न करें। पुलिस ने कहा है कि ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


0 टिप्पणियाँ