सोनपुर आयोजना क्षेत्र का होगा बड़ा विस्तार, मकेर और अमनौर होंगे शामिल; बिहार के सबसे बड़े प्लानिंग एरिया में होगा शामिल
छपरा, 06 जुलाई | सारण के जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सोनपुर आयोजना क्षेत्र के द्वितीय विस्तार के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई.
अब इस प्रस्ताव को नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजा जाएगा. विभागीय स्वीकृति और अधिसूचना जारी होने के बाद मकेर और अमनौर प्रखंड भी सोनपुर आयोजना क्षेत्र में शामिल हो जाएंगे.
विस्तार के बाद सोनपुर आयोजना क्षेत्र का कुल क्षेत्रफल लगभग 798.94 वर्ग किलोमीटर (करीब 800 वर्ग किमी) हो जाएगा. इसके साथ ही यह बिहार के सबसे बड़े आयोजना क्षेत्रों में शामिल हो जाएगा. विस्तारित क्षेत्र में 575 राजस्व ग्राम और 3 शहरी प्रशासनिक इकाइयाँ शामिल होंगी.
बैठक में ऑनलाइन जुड़े सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि विस्तारित सोनपुर आयोजना क्षेत्र भविष्य में 'नया पटना के रूप में विकसित होगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों के दौरान किसानों के हितों और उनकी भागीदारी का विशेष ध्यान रखा जाएगा.
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2023 में अधिसूचित आयोजना क्षेत्र का विस्तार वर्ष 2025 में लगभग 599 वर्ग किलोमीटर तक किया गया था. अब दूसरे विस्तार में मकेर और अमनौर को जोड़ने से करीब 200 वर्ग किलोमीटर अतिरिक्त क्षेत्र शामिल होगा.
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में हरिहरनाथपुरम ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप, सोनपुर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, हरिहरनाथ कॉरिडोर और फिल्म सिटी जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को ध्यान में रखते हुए यह विस्तार किया जा रहा है.
इसके अलावा NH-139W, शेरपुर-दिघवारा पुल, पटना रिंग रोड, गंगा-अम्बिका पथ और गंगा-नारायणी पथ जैसी प्रमुख सड़क परियोजनाओं के आसपास होने वाले विकास को योजनाबद्ध तरीके से संचालित करने का लक्ष्य है.
यह भी पढ़े: जिलाधिकारी सारण ने सहयोग शिविर, जलजमाव, टीबी अभियान की समीक्षा की
बैठक में यह भी बताया गया कि विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला, हरिहरनाथ मंदिर और अम्बिका भवानी स्थान जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं से जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार, व्यापार और बुनियादी ढांचे के विकास को भी बढ़ावा मिलेगा.
बैठक में सोनपुर विधायक विनय सिंह, छपरा विधायक छोटी कुमारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, नगर आयुक्त छपरा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
#Sonpur #Saran #Bihar #SonpurYojanaKshetra #Makar #Amnour #NewPatna #BiharDevelopment #Chapra


0 टिप्पणियाँ