Advertisement

छपरा: डीएम वैभव श्रीवास्तव ने सहयोग शिविर, टीबी अभियान और जलजमाव की समीक्षा की

छपरा: डीएम वैभव श्रीवास्तव ने सहयोग शिविर, टीबी मुक्त भारत अभियान और जलजमाव की समीक्षा की

छपरा, 06 जुलाई | सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में साप्ताहिक समन्वय बैठक आयोजित हुई. बैठक में 07 जुलाई को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर, टीबी मुक्त भारत अभियान, न्यायालयीन मामलों तथा वर्षा के दौरान जलजमाव की समस्या की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये.

छपरा में साप्ताहिक समन्वय बैठक की अध्यक्षता करते डीएम वैभव श्रीवास्तव

सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में 07 जुलाई को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गयी. जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और प्रभारी अधिकारियों को शिविर का सुव्यवस्थित एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके. उन्होंने बताया कि बिहार के उपमुख्यमंत्री सह सारण के प्रभारी मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव भी सहयोग शिविर में शामिल होंगे. इसे देखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गये.

टीबी मुक्त भारत अभियान पर जोर

टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए डीएम ने सरकारी अस्पतालों और पंचायत स्तर पर विशेष स्क्रीनिंग शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों की जांच सुनिश्चित करने को कहा. जिन लोगों में टीबी की पुष्टि हो, उनका तत्काल उपचार शुरू कराने के निर्देश दिए गए. साथ ही आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जीविका दीदियों और अन्य माध्यमों से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया. आरबीएसके टीम को विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों की स्क्रीनिंग करने के निर्देश भी दिए गये.

छपरा डीएम द्वाता सहयोग शिविर, टीबी अभियान और जलजमाव की समीक्षा में उपस्थित पदाधिकारी

न्यायालयीन मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

बैठक में न्यायालयों में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समय पर स्टेटमेंट ऑफ फैक्ट्स उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि मामलों का प्रभावी और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो सके.

जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान पर फोकस

वर्षा ऋतु को देखते हुए जलजमाव की समस्या पर भी विस्तार से चर्चा हुई. जिलाधिकारी ने बताया कि सभी सड़क निर्माण विभागों और शहरी निकायों ने जलजमाव वाले स्थलों की पहचान कर ली है. उन्होंने स्थायी समाधान के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने और तत्काल राहत के लिए अल्पकालिक उपाय लागू करने का निर्देश दिया. साथ ही संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंताओं, नगर निकायों के अधिकारियों और अनुमंडल पदाधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गये.

यह भी पढ़े: 10वीं/ 12वीं बोर्ड परीक्षा पंजीकरण के लिए APAR ID जरूरी

योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया. बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अनुमंडल, प्रखंड और अंचल स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े.

#Chapra #Saran #SahyogShivir #TBMuktBharat #Waterlogging

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ