अमनौर में स्वर्ण व्यवसायी पर जानलेवा हमला, सिर में लगी गोली; पीएमसीएच रेफर
क्राइम | सारण
छपरा, 14 अगस्त | सारण के अमनौर में गुरुवार शाम आभूषण की दुकान बंद कर घर लौट रहे एक स्वर्ण व्यवसायी पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान बजरंगी सोनी के रूप में हुई है, जिन्हें अमनौर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सोनी का भाई बताया जा रहा है। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना स्थित पीएमसीएच रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे बजरंगी सोनी अपने भतीजे सोहित सोनी के साथ रसूलपुर बाजार स्थित आभूषण की दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मिडिल स्कूल मार्ग के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा किया। आरोप है कि बदमाशों ने पीछे से दो-तीन राउंड फायरिंग की।
फायरिंग के दौरान एक गोली बजरंगी सोनी के सिर में लग गई। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात के बाद बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
गोलीबारी की सूचना मिलते ही मढ़ौरा डीएसपी सुवेंदु दास, अमनौर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जांच शुरू कर दी।
पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घटना के पीछे की वजह को लेकर भी पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
आठ महीने पुराना आवेदन सामने आने से बढ़े सवाल
गोलीकांड के बाद एक पुराना पुलिस आवेदन भी सामने आया है, जिससे मामले में नया पहलू जुड़ गया है। उपलब्ध आवेदन के अनुसार, 8 दिसंबर 2025 को पुलिस को शिकायत दी गई थी। आवेदन के विषय में पड़ोसी द्वारा जान से मारने की धमकी देने की बात लिखी गई है।
आवेदन में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि 8 दिसंबर 2025 की शाम करीब 6:25 बजे उनके दरवाजे पर पहुंचकर गाली-गलौज की गई और उनके छोटे भाई बजरंगी कुमार के साथ मारपीट की गई। शिकायत में जान से मारने की धमकी दिए जाने और परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई थी।
यह भी पढ़ें: छपरा राजेंद्र कॉलेजिएट स्कूल के पाँच वीक्षक सहित छह निलंबित
अब करीब आठ महीने बाद बजरंगी सोनी पर हुई गोलीबारी के बीच यह पुराना आवेदन सामने आने से मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पुराने आवेदन में लगाए गए आरोपों और गुरुवार की गोलीबारी के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस गोलीबारी की घटना के कारणों, हमलावरों की पहचान और पुराने विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इलाके में हुई इस वारदात के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: छपरा में स्वतंत्रता दिवस का फुल ड्रेस रिहर्सल, डीएम ने दिए निर्देश


0 टिप्पणियाँ