सावन के तीसरी सोमवरी को अशोक धाम में भगदड़, करंट की अफवाह के बाद मची अफरा-तफरी; 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत
लखीसराय, 17 अगस्त | सावन के तीसरी सोमवरी को बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर, अशोक धाम में बड़ा हादसा हो गया। मंदिर परिसर के पास अचानक अफरा-तफरी मचने के बाद भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। हादसे में 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बिजली का खंभा गिरने के बाद फैली करंट की अफवाह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के पास एक बिजली का खंभा गिरने की बात सामने आई। इसके बाद वहां करंट फैलने की अफवाह फैल गई, जिससे श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति बन गई।
शुरुआती सूचनाओं में हाईटेंशन तार गिरने और करंट लगने से लोगों की मौत की बात कही जा रही थी। हालांकि, बाद में जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि श्रद्धालुओं की मौत करंट लगने से नहीं, बल्कि भगदड़ में हुई है।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा, घायलों का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और एडीएम नीरज कुमार ने प्रेस वार्ता कर घटना की जानकारी दी। प्रशासन के अनुसार, अफवाह के बाद भगदड़ की स्थिति बनी थी। पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश दिए गए हैं।
घटना के बाद अशोक धाम परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के साथ घायलों के उपचार की व्यवस्था पर नजर रख रही हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, 4-4 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अशोक धाम हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।
आधिकारिक जानकारी में 8 मौतों की पुष्टि
हादसे के बाद शुरुआती रिपोर्टों में मृतकों की संख्या अलग- अलग बताई जा रही थी। बाद में जिला प्रशासन की ओर से 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि की गई। इसलिए फिलहाल आधिकारिक आंकड़ा 8 ही माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: बिहार में एयर कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार, सारण-गोपालगंज पर फोकस
प्रशासन की जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और भगदड़ की परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।


0 टिप्पणियाँ