बिहार में एयर कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार, सारण, गोपालगंज समेत पांच जगहों पर एयरपोर्ट विकास के निर्देश
पटना, 17 अगस्त | बिहार में हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने कवायद तेज कर दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में नागर विमानन मंत्रालय, भारत सरकार की संशोधित क्षेत्रीय संपर्क योजना RCS 6.0 के संदर्भ में समीक्षा की। बैठक में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हवाई अड्डों और हेलीपैड के विकास की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने सारण, सबेया (गोपालगंज), फारबिसगंज (अररिया), किशनगंज और उलाव (बेगूसराय) में हवाई अड्डों के विकास से संबंधित कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया। इससे सारण और गोपालगंज समेत राज्य के इन क्षेत्रों में हवाई संपर्क विकसित करने की योजना को गति मिलने की उम्मीद है।
सारण और गोपालगंज पर भी फोकस
सरकार की योजना बिहार के अधिक से अधिक जिलों को हवाई संपर्क से जोड़ने की है। इसके लिए उपलब्ध संसाधनों और स्थानीय संभावनाओं का उपयोग करते हुए प्रस्ताव तैयार करने तथा केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालयों और प्राधिकरणों के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया है।
सबेया (गोपालगंज) और सारण का नाम हवाई अड्डा विकास के लिए प्राथमिकता वाले पांच स्थानों में शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन स्थानों पर विकास की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।
कई जिलों में हेलीपैड की संभावनाएं
समीक्षा के दौरान औरंगाबाद, बांका, खगड़िया, नवादा, शेखपुरा और सीतामढ़ी समेत अन्य संभावित स्थानों पर हेलीपैड या हवाई सुविधा विकसित करने की संभावनाओं पर भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
इसके अलावा राजगीर-गया, सासाराम-कैमूर और शाहाबाद क्षेत्र में हेलीपैड विकसित करने की योजना पर भूमि उपलब्धता और अन्य तकनीकी पहलुओं से जुड़ी कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में बेहतर हवाई संपर्क से पर्यटन, व्यापार, उद्योग, निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। राज्य के पर्यटन, धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को हवाई सेवा से जोड़ने से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की आवाजाही बढ़ सकती है। इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
सरकार का जोर ऐसे हवाई संपर्क विकसित करने पर है, जिससे संबंधित क्षेत्र के साथ आसपास के जिलों और महत्वपूर्ण पर्यटन, धार्मिक तथा आर्थिक केंद्रों को भी लाभ मिल सके।
सिविल विमानन विभाग ने दिया प्रस्तुतीकरण
बैठक में सिविल विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे ने राज्य में हवाई संपर्क के विस्तार से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
यह भी पढ़ें: छात्र आंदोलन में घायल रिविलगंज BDO रितेश कुमार सिंह सम्मानित
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेष पराशर, परिवहन विभाग के सचिव राजकुमार, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार और सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने बैठक की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से भी साझा की। उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से बिहार में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने के साथ राज्य के महत्वपूर्ण स्थलों को देश-विदेश से जोड़ने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें: प्यार के आगे झुके परिवार, पुलिस की मौजूदगी में हुई शादी | सारण


0 टिप्पणियाँ