Advertisement

सारण के पूर्व डीपीओ अजीत अमर पर EOU छापा, 4 ठिकानों पर कार्रवाई

सारण के पूर्व डीपीओ अजीत अमर पर EOU का बड़ा एक्शन: आय से अधिक संपत्ति मामले में 4 ठिकानों पर छापेमारी, करोड़ों के लेन-देन की जांच

आय से अधिक संपत्ति मामले में सारण के पूर्व डीपीओ अजीत अमर के सरकारी आवास के बाहर EOU की टीम और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी।

छपरा, 07 अगस्त | सारण में तैनात रहे तत्कालीन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) अजीत अमर हरिजन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शुक्रवार को एक साथ चार ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। कार्रवाई सारण, सिवान और सहरसा में एक साथ चल रही है।

EOU की टीम सारण के गंडक कॉलोनी स्थित सरकारी आवास, सिवान जिले के रानीबारी गांव स्थित पैतृक घर, सहरसा स्थित शिक्षा विभाग के कार्यालय और उनके निजी आवास की तलाशी ले रही है। छापेमारी के दौरान बैंक दस्तावेज, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

जांच रिपोर्ट में सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े

EOU छापेमारी के दौरान सारण में पूर्व डीपीओ अजीत अमर के आवास के मुख्य प्रवेश द्वार पर तैनात पुलिस बल।

करीब एक महीने पहले गठित विशेष जांच समिति ने डीपीओ अजीत अमर के खिलाफ अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव को सौंपी थी। रिपोर्ट में आय से अधिक संपत्ति, संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर आरोपों का उल्लेख किया गया था।

जांच के अनुसार, सारण में 32 महीने के कार्यकाल के दौरान अजीत अमर को वेतन के रूप में 27.43 लाख रुपये मिले, जबकि इसी अवधि में उनके और उनकी पत्नी के बैंक खातों में 2.51 करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन दर्ज हुआ। जांच एजेंसियों के अनुसार यह राशि उनके वैध आय स्रोतों की तुलना में कई गुना अधिक है।

बैंक खाते और संपत्तियां जांच के दायरे में

आर्थिक अपराध इकाई अब बैंक खातों के लेन-देन, अचल संपत्तियों, जमीन के दस्तावेजों और अन्य निवेशों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच पूरी होने के बाद इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें: सारण में डीपीओ अजीत अमर पर आय से अधिक संपत्ति के आरोप, जांच रिपोर्ट में करोड़ों के लेन-देन का जिक्र

इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप का माहौल है और पूरे मामले पर सभी की नजर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें: पटना हाईकोर्ट स्थानांतरण पर सारण के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को विदाई

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ