Advertisement

हरिद्वार यात्रा में सड़क हादसा, 12 वर्षीय बच्चे समेत दो की मौत

 दुर्घटना | मढौरा 

हरिद्वार यात्रा पर निकले परिवार के साथ हादसा, 12 वर्षीय बच्चे समेत दो की मौत; 16 घायल

तेजपुरवा गांव का बोर्ड, मढ़ौरा, सारण

छपरा, 18 अगस्त | पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में हुए भीषण सड़क हादसे में सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के तेजपुरवा गांव निवासी 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे में पिकअप चालक की भी मौके पर मौत हो गई, जबकि परिवार के 16 अन्य सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह हादसा 15 अगस्त की रात हुआ। तेजपुरवा गांव के रहने वाले तीन भाइयों के परिवार लंबे समय से आजीविका के सिलसिले में पंजाब के लुधियाना में रह रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तीनों भाइयों के परिवार ने मिलकर हरिद्वार जाने की योजना बनाई थी।

खुली पिकअप से हरिद्वार जा रहा था परिवार

परिवार के कुल 18 सदस्य एक खुली पिकअप से 15 अगस्त की रात लुधियाना से हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। बताया जा रहा है कि फतेहगढ़ साहिब के पास उनकी पिकअप अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

चालक और 12 वर्षीय बच्चे की मौत

हादसे में पिकअप चालक बबलू कुमार और मढ़ौरा के तेजपुरवा गांव निवासी मंजय प्रसाद के 12 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।

16 लोग घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज

दुर्घटना में मंजय प्रसाद, उनके भाई राजू प्रसाद और प्रमोद प्रसाद समेत परिवार के 16 अन्य सदस्य घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए लुधियाना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि कई घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।

तेजपुरवा गांव में पसरा मातम

हादसे की खबर जैसे ही मढ़ौरा के तेजपुरवा गांव पहुंची, परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। स्वतंत्रता दिवस पर परिवार के साथ हरिद्वार की यात्रा पर निकले 12 वर्षीय आशीष की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, एक साथ परिवार के कई सदस्यों के घायल होने से गांव में भी मातम का माहौल है। ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें: अमनौर के बड़ा पोखरा में डूबने से 17 वर्षीय छात्र की मौत

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ