सारण में जिला स्किल डेवलपमेंट प्लान तैयार करने की कवायद तेज, युवाओं के रोजगार पर रहेगा फोकस
छपरा, 07 अगस्त | सारण जिले में युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण और बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने जिला स्किल डेवलपमेंट प्लान (District Skill Development Plan) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में गुरुवार को जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला कौशल विकास समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले की आवश्यकताओं, स्थानीय संसाधनों और रोजगार की संभावनाओं का विस्तृत आकलन कर ऐसा कौशल विकास प्लान तैयार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय उद्योगों, सेवा क्षेत्र और बाजार की मांग के अनुरूप होने चाहिए, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवाओं को रोजगार मिलने में आसानी हो।
डीएम ने जिला नियोजन पदाधिकारी को सभी संबंधित विभागों, प्रशिक्षण संस्थानों और वित्तीय संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर जिला स्किल डेवलपमेंट प्लान का प्रारूप जल्द तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है।
बैठक में बताया गया कि बिहार सरकार के सात निश्चय-2 के तहत संचालित "आर्थिक हल, युवाओं को बल" कार्यक्रम के अंतर्गत सारण जिले में लगातार रोजगारोन्मुख कौशल प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को विभिन्न व्यवसायिक क्षेत्रों में दक्ष बनाकर स्वरोजगार और निजी क्षेत्र में रोजगार के लिए तैयार किया जा रहा है।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले में अब तक 1,41,419 युवाओं को ब्यूटी थेरेपी, फैशन डिजाइनिंग, अकाउंट असिस्टेंट, सिलाई मशीन ऑपरेटर, हेल्थकेयर, कंप्यूटर समेत विभिन्न रोजगारपरक ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षण के बाद बड़ी संख्या में युवा स्वरोजगार स्थापित कर रहे हैं, जबकि कई युवाओं को विभिन्न संस्थानों में रोजगार भी मिला है।
यह भी पढ़ें: सारण में दो दिवसीय पंच सम्मेलन शुरू, विकसित भारत-जी रामजी अधिनियम 2025 पर प्रशिक्षण
बैठक में जिला नियोजन पदाधिकारी, लीड बैंक मैनेजर तथा विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।



0 टिप्पणियाँ